जमशेदपुर। पूर्वी सिंहभूम जिले के पोटका थाना क्षेत्र अंतर्गत सरमंदा स्थित पत्थर खदान में मंगलवार अपराह्न एक दर्दनाक हादसे में दो मजदूरों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान शुभोजित गोप (30) और टुकलू सरदार (28) के रूप में हुई है। दोनों खदान में पत्थर लोडिंग का काम कर रहे थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मौजा सरमंदा में सुजित कुमार मंडल को तीन एकड़ क्षेत्र में पत्थर खनन का लीज प्राप्त है। घटना के समय हाईवा (संख्या JH05U/6288) में पत्थर लोड कर ऊंचाई पर चढ़ाया जा रहा था। वाहन के केबिन में शुभोजित जबकि डाला में टुकलू बैठे थे। इसी दौरान हाईवा में अचानक यांत्रिक खराबी आ गई, जिससे चालक का नियंत्रण छूट गया और वाहन तेज रफ्तार से पीछे की ओर लुढ़कने लगा। स्थिति को भांपकर दोनों मजदूरों ने कूदने की कोशिश की, लेकिन तभी हाईवा पलट गया और वे उसके नीचे दब गए। मौके पर ही दोनों की दर्दनाक मौत हो गई।
घटना के बाद खदान परिसर में अफरा-तफरी मच गई। साथी मजदूरों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और पोटका थाना को सूचना दी। जानकारी मिलते ही जेएसआई कृष्णा रजक पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया।

