Breaking
Tue. Mar 3rd, 2026

चतरा में जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों में खूनी झड़प,आधा दर्जन घायल, एक रेफर

चतरा : जिले के राजपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत मनगडा गांव में जमीन विवाद ने एक बार फिर खूनी रूप ले लिया है। आपसी जमीन विवाद को लेकर आज सुबह दो परिवारों के बीच जमकर मारपीट हुई, जिसमें एक परिवार के कई सदस्य बुरी तरह घायल हो गए।जानकारी के अनुसार, मनगडा गांव निवासी तुलसी यादव, उनकी पत्नी रेनू देवी, उनके पिता, पुत्र और पुत्री को बेरहमी से पीटा गया है। सदर अस्पताल में इलाजरत तुलसी यादव के पुत्र ने बताया कि आज सुबह करीब 7 बजे उनके गांव के ही रामस्वरूप यादव, जोधी यादव, चांदो देवी (तीनों पिता स्व. केतु यादव), रंजन यादव, जमुना देवी, रीना देवी समेत अन्य लोगों ने अचानक उनके घर पर हमला बोल दिया। उन्होंने बताया कि जब तक वे कुछ समझ पाते, हमलावरों ने उन पर बेरहमी से हमला कर दिया, जिससे परिवार के सभी सदस्य घायल हो गए।घायलों को तत्काल सदर अस्पताल लाया गया। गंभीर रूप से घायल तुलसी यादव को प्राथमिक उपचार के बाद, उनकी नाजुक स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए हजारीबाग सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया है। खबर लिखे जाने तक, इस जानलेवा हमले के संबंध में स्थानीय थाना राजपुर में मामला दर्ज नहीं किया गया था। पुलिस से जल्द से जल्द प्राथमिकी दर्ज कर हमलावरों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की जा रही है।

Related Post