Breaking
Mon. Sep 14th, 2026

सड़क हादसे में युवक और महिला की मौत, एक अन्य घायल

कोडरमा। जिले में दो सड़क हादसों में एक युवक और महिला की मौत हो गयी। वहीं एक अन्य युवक भी घायल हो गया। पहली घटना में जयनगर थाना अंतर्गत चरकीपहरी के समीप सड़क दुर्घटना में एक युवक की मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल है। मृतक की पहचान तिलैया थाना अंतर्गत गांधी स्कूल रोड निवासी 19 वर्षीय डब्लू कुमार (पिता स्व. नरेंद्र राम) के रूप में हुई है। वहीं घायल की पहचान गौशाला रोड निवासी 24 वर्षीय रंजीत कुमार (पिता विराज पासवान) के रूप में की गई है। जानकारी के अनुसार उक्त दोनों युवक केटीपीएस प्लांट की ओर से झुमरीतिलैया आ रहे थे, इसी दौरान चरकीपहरी के समीप उनकी बाइक दुर्घटना का शिकार हो गई। जिसमें दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। जिसके बाद वहां मौजूद लोगों ने इन्हें टोटो में लादकर सदर अस्पताल कोडरमा पहुँचाया, जहां इलाज के क्रम में डब्लू की मौत हो गई, जबकि रंजीत का इलाज जारी है। वहीं दूसरी घटना जिले के तिलैया डैम ओपी क्षेत्र अन्तगर्त गुडियो के समीप हुई। सड़क हादसे में तुर्कबाद केंदुआ निवासी 30 वर्षीया महिला सोनी देवी (पति रविन्द्र यादव) की मौत हो गयी। जानकारी के मुताबिक उक्त महिला अपने पति और दो बच्चों के साथ मोटरसाइकिल पर सवार होकर झुमरीतिलैया से वापस अपने घर गुडियो लौट रही थी। घटनास्थल पहुंचते ही स्पीड ब्रेकर से मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर गिर गया जिससे महिला गम्भीर रूप से घायल हो गयी। हादसे के बाद स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से घायल महिला को इलाज के लिए सदर अस्पताल भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

Related Post