पलामू: शनिवार की सुबह पलामू जिले के हैदरनगर थाना क्षेत्र में उस समय अफरातफरी मच गई जब दो बाइक सवार अपराधियों ने एक युवक को गोली मार दी। यह घटना सुबह करीब नौ बजे हैदरनगर हाई स्कूल मैदान में हुई, जहां स्थानीय युवक नीरज चंद्रवंशी उर्फ मंटू (22 वर्ष) को अपराधियों ने निशाना बनाया। गोली लगने से नीरज गंभीर रूप से घायल हो गया और मौके पर हड़कंप मच गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, अपराधियों ने बेहद नजदीक से फायरिंग की, जिससे गोली नीरज के सीने के आर-पार हो गई। गोली चलने की आवाज सुनते ही मैदान में मौजूद लोग मौके की ओर दौड़े और घायल युवक को तुरंत हैदरनगर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए नीरज को मेदिनीनगर रेफर कर दिया।
जानकारी के अनुसार, नीरज का घर हाई स्कूल मैदान के ठीक सामने है और वह अक्सर सुबह के समय टहलने या खेल देखने के लिए मैदान पहुंचता था। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं अस्पताल परिसर में ग्रामीणों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी और पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया।
सूचना मिलते ही हैदरनगर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए हैं और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज की भी पड़ताल की जा रही है। फिलहाल अपराधियों की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस का कहना है कि दोनों हमलावर गोली चलाने के बाद दक्षिण दिशा की ओर फरार हो गए।
गोलीबारी की इस वारदात से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। पुलिस ने इलाके में गश्त बढ़ा दी है और संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। अधिकारियों ने दावा किया है कि अपराधियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। फिलहाल हैदरनगर और आसपास के इलाकों में तनाव और भय का माहौल बना हुआ है।

