राजधर साइडिंग व एनटीपीसी टंडवा फायरिंग कांड का हुआ खुलासा
चतरा:पुलिस ने राजधर साइडिंग व एनटीपीसी टंडवा फायरिंग कांड का उद्भेदन करते हुए राहुल सिंह गिरोह के चार गुर्गों को हथियार, जिंदा कारतूस व गिरोह से संबंधित पर्चे के साथ गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार अपराधियों में टंडवा थाना क्षेत्र के कामता गांव निवासी असजद रजा, पिपरवार थाना क्षेत्र के कल्याणपुर गांव के महफूज आलम उर्फ लालू, रांची जिले के ठाकुरगांव थाना क्षेत्र के जाड़ी गांव के शाहजहाँ अंसारी, रातु थाना क्षेत्र के रातु काठीटांड़ गांव के गुलजार अंसारी उर्फ राजू शामिल हैं. अपराधियों के पास से 7.65 एमएम की दो पिस्टल, 7.65 एमएम की 10 जिंदा कारतूस, तीन मोबाइल, राहुल सिंह आजाद सरकार लिखा चार पर्चा जब्त किया गया. यह जानकारी टंडवा एसडीपीओ प्रभात रंजन बरवार ने बुधवार को पिपरवार थाना परिसर में प्रेस कांफ्रेंस कर दी. उन्होंने कहा कि पुलिस अधीक्षक सुमित कुमार अग्रवाल को मंगलवार की रात गुप्त सूचना मिली थी कि राहुल सिंह गिरोह के सदस्य पिपरवार थाना क्षेत्र के कारो मैदान के पास किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की फिराक में एकत्र हुए हैं और हथियार भी रखे हुए हैं. सूचना के आधार पर विशेष छापामारी दल का गठन किया गया. टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अभियान चलाकर चारों अपराधियों को गिरफ्तार किया. गिरफ्तार अपराधियों में शाहजहां व महफूज का अपराधिक इतिहास रहा है. शाहजहाँ अंसारी पर ठाकुरगांव, खलारी व कुडू थाने में चोरी, ठगी, जालसाजी के कई मामले दर्ज हैं, वही महफूज पर चान्हो थाना कांड संख्या 39/20 में हत्या व आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज है. पूछताछ में अपराधियों ने बताया कि 18 अगस्त 2025 को राजधर साइडिंग और 20 सितंबर 2025 को एनटीपीसी टंडवा में हाईवा वाहनों पर फायरिंग की थी. इसका उद्देश्य लेवी (उगाही) वसूलना था. पुलिस ने बताया कि घटना में प्रयुक्त हथियार बरामद कर लिया गया है और गिरोह के सरगना राहुल सिंह की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. छापामारी दल में टंडवा एसडीपीओ प्रभात रंजन बरवार के अलावा पुलिस निरीक्षक उत्तम तिवारी,टंडवा थाना प्रभारी अनिल उरांव, पिपरवार थाना प्रभारी अभय कुमार, अभिमन्यु कुमार, एएसआई आदित्य किशोर तिर्की, टंडवा थाना के एसआई अमित कुमार, पिपरवार थाना के एएसआई आदित्य किशोर तिर्की व अन्य सशस्त्र बल के जवान शामिल थे.

