जमशेदपुर। पूर्वी सिंहभूम जिला स्थित ग्रामीण क्षेत्र बोड़ाम थाना के शोभादा गांव में मंगलवार सुबह एक दुखद घटना हुई, जिसमें चंदन सिंह (50) की तालाब में डूबने से मौत हो गई। मृतक बेलडीह गांव के निवासी थे और वह सुबह करीब 7 बजे हरिमंदिर के सामने टाटा स्टील फाउंडेशन द्वारा निर्मित तालाब में स्नान करने गए थे। तैरते समय वे अचानक गहरे पानी में चले गए और डूब गए।
स्थानीय लोग तत्काल सूचना लेकर घटनास्थल पर पहुंचे। तालाब की गहराई लगभग 15 फीट होने के कारण स्थानीय युवकों ने डुबकी लगाकर शव की तलाश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। घटना की सूचना मिलते ही बोड़ाम थाना की पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और गोताखोरों को बुलाया गया। खबर लिखे जाने तक शव को बाहर नहीं निकाला जा सका था।
चंदन सिंह के निधन से उनके परिवार में कोहराम मच गया है। पत्नी जानकी सिंह, तीन बेटियाँ और एक बेटा अत्यंत दुखी हैं। ग्रामीणों ने परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की और प्रशासन से आर्थिक सहायता देने की मांग की। इस दौरान मुखिया प्रतिनिधि परिमल सिंह, मिहिर प्रमाणिक, पीएलवी निताई चंद्र गोराई सहित सैकड़ों ग्रामीण घटनास्थल पर मौजूद थे।

