Breaking
Wed. Mar 4th, 2026

जमशेदपुर में एटीएम कार्ड स्वैप कर 70 हजार की ठगी

जमशेदपुर। उलीडीह थाना क्षेत्र में साइबर अपराधियों ने मदद के बहाने एक व्यक्ति के खाते से 70 हजार रुपये निकाल लिए। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार डिमना रोड निवासी मोती सिंह 27 सितंबर की रात डिमना रोड स्थित केनरा बैंक के एटीएम से पैसे निकालने पहुंचे थे। कई बार प्रयास करने के बावजूद कैश नहीं निकलने पर पीछे खड़े एक युवक ने खुद को मददगार बताया और रुपये निकालने की बात कही। युवक ने इस दौरान मोती सिंह का एटीएम कार्ड लिया और मशीन में कार्ड लगाने का नाटक करते हुए कार्ड बदल दिया। साथ ही मशीन में कार्ड फंसा देने के बाद वह वहां से फरार हो गया।

थोड़ी ही देर में मोती सिंह के मोबाइल पर 70 हजार रुपये निकासी का मैसेज आ गया। मामले की जानकारी मिलते ही मोती सिंह ने तुरंत उलीडीह थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने दर्ज बयान के आधार पर मोबाइल नंबर 8409036059 से जुड़े व्यक्ति के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है।

पुलिस के अनुसार, यह घटना एटीएम कार्ड स्वैपिंग और फिशिंग जैसे साइबर अपराध का हिस्सा प्रतीत होती है। जांच टीम एटीएम बूथ और बैंक से सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है ताकि आरोपी की पहचान की जा सके।

Related Post