जमशेदपुर। बागबेड़ा थाना क्षेत्र के लाल बिल्डिंग चौक स्थित श्री दुर्गा ज्वेलर्स को निशाना बनाकर चोरों ने करीब पांच लाख रुपये के आभूषण और अन्य सामान पर हाथ साफ कर दिया। चोर दुकान की पिछली दीवार तोड़कर भीतर घुसे और दो किलो से अधिक चांदी के आभूषण चोरी कर फरार हो गए। वारदात के बाद चोर दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों का डीवीआर भी अपने साथ ले गए। सोमवार सुबह चोरी का घटना की जानकारी हुई। सूचना मिलने के बाद बागबेड़ा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू की।
जानकारी के अनुसार, दुकान के मालिक रुद्रदेव कुमार वर्मा रविवार दोपहर दुकान बंद कर घर चले गए थे। सोमवार सुबह करीब 10 बजे जब वह दुकान खोलने पहुंचे, तो अंदर सामान बिखरा हुआ मिला। जांच करने पर दुकान की पिछली दीवार टूटी हुई दिखाई दी। इसके बाद उन्हें चोरी की जानकारी हुई। चोर दीवार तोड़कर दुकान के भीतर दाखिल हुए और चांदी के आभूषण समेत अन्य सामान लेकर भाग निकले। दुकानदार ने चोरी गए सामान की कीमत करीब पांच लाख रुपये बताई है। हालांकि, नुकसान का वास्तविक आकलन अभी किया जाना बाकी है।
इस घटना में चोरों द्वारा सीसीटीवी कैमरों का डीवीआर ले जाना भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
बागबेड़ा पुलिस चोरी के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। चोरों की पहचान करने और चोरी गए सामान का पता लगाने के लिए आवश्यक जानकारी जुटाई जा रही है।

