Breaking
Tue. Oct 6th, 2026

*विद्यालय और बेहतर शिक्षा व्यवस्था के लिए SMC का मजबूत संगठन जरूरी : पातोर जोंको*

चाईबासा: विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, बाल अधिकारों की सुरक्षा और विद्यालय विकास में समुदाय की भागीदारी बढ़ाने के उद्देश्य से बाल अधिकार सुरक्षा मंच की पहल पर गोइलकेरा प्रखंड में विद्यालय प्रबंधन समिति (SMC) के सदस्यों के लिए दो दिवसीय उन्मुखीकरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न पंचायतों के विद्यालयों से जुड़े SMC अध्यक्ष, सदस्य और शिक्षा प्रेमियों ने भाग लिया।

कार्यक्रम का आयोजन 4 अक्टूबर को बिला पंचायत भवन और 5 अक्टूबर को तारकडकोचा पंचायत भवन में किया गया। 4 अक्टूबर को गोइलकेरा, आराहासा, गम्हरिया, बिला, कुईड़ा और कदमडीह पंचायत के प्रतिनिधि शामिल हुए। वहीं 5 अक्टूबर को तारकडकोचा, कायदा, सारूगड़ा, केबरा और बारा पंचायत के विभिन्न विद्यालयों के SMC अध्यक्ष एवं सदस्यों ने हिस्सा लिया।

उन्मुखीकरण कार्यक्रम में SMC के गठन, उद्देश्य, भूमिका और जिम्मेदारियों के अलावा बाल अधिकार एवं बाल संरक्षण, समावेशी एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, एफएलएन, विद्यालय की समस्याओं की पहचान और समाधान, विद्यालय विकास योजना (SDP) एवं वार्षिक उप-योजना सहित कई विषयों पर चर्चा की गई। विद्यालय में आधारभूत सुविधाओं, शिक्षक और विद्यार्थियों की उपस्थिति, स्वच्छता, सुरक्षा तथा बेहतर सीखने का वातावरण उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया गया।

इस दौरान अभिभावकों, ग्राम सभा और समुदाय की सक्रिय भागीदारी से विद्यालय के समग्र विकास के लिए कार्ययोजना तैयार करने की बात कही गई।

बाल अधिकार सुरक्षा मंच के मनोहरपुर विधानसभा स्तरीय अध्यक्ष सह उच्च विद्यालय गोइलकेरा SMC अध्यक्ष पातोर जोंको ने कहा कि स्कूली शिक्षा व्यवस्था को मजबूत और जवाबदेह बनाने के लिए प्रखंड और जिला स्तर पर SMC का संगठित मंच तैयार करना जरूरी है। उन्होंने कहा कि अलग-अलग विद्यालयों में SMC के सामने आने वाली मूलभूत समस्याओं को सामूहिक रूप से चिन्हित कर संबंधित विभाग और सरकार तक व्यवस्थित तरीके से पहुंचाया जा सकता है। इसके लिए संगठन महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।

पातोर जोंको ने बताया कि 20 अक्टूबर को गोइलकेरा प्रखंड में SMC कमेटी के विस्तार और संगठन निर्माण को लेकर बैठक आयोजित की जाएगी। उन्होंने कहा कि बेहतर विद्यालय केवल शिक्षक या सरकार की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि SMC, अभिभावक और पूरे समुदाय की साझा जिम्मेदारी है।

कार्यक्रम में बाल अधिकार सुरक्षा मंच के पश्चिमी सिंहभूम जिला अध्यक्ष हरिन तमसोय, जिला कार्यकारिणी समिति के अध्यक्ष डॉ. दिनेश चंद्र बोयपाई, तारकाडकोचा पंचायत मुखिया सह मुखिया संघ गोइलकेरा प्रखंड अध्यक्ष गणेश बोदरा, सिकन्दर जोंको, सोमबारी बाहन्दा, सुनीता मेराल, लुदुगी केराई, जोंको अंगारिया और निरंजन बोयपाई सहित विभिन्न पंचायतों के मुखिया, SMC अध्यक्ष-सदस्य एवं बड़ी संख्या में शिक्षा प्रेमी उपस्थित रहे।

Related Post