Breaking
Mon. Oct 5th, 2026

*तितलीघाट में अनियंत्रित बाइक खाई में गिरी, 24 वर्षीय युवक की मौत*

चाईबासा: पश्चिम सिंहभूम जिले के छोटानागरा थाना क्षेत्र के तितलीघाट के समीप रविवार शाम सड़क हादसे में 24 वर्षीय युवक सचिन हांसदा की मौत हो गई। हादसे में उसका दोस्त सामू चतोंबा गंभीर रूप से घायल हो गया। उसका इलाज किरीबुरू जनरल अस्पताल में चल रहा है। घटना की सूचना मिलने के बाद छोटानागरा थाना प्रभारी गौतम कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और परिजनों को घटना की जानकारी दी।

जानकारी के अनुसार, सचिन हांसदा सलाई गांव का रहने वाला था और वर्तमान में न्यू कैंप मेघाहातुबुरु में रह रहा था। रविवार को वह अपने दोस्त सामू चतोंबा के साथ अपने पैतृक गांव सलाई गया था। शाम करीब साढ़े छह बजे दोनों बाइक से सलाई से किरीबुरू लौट रहे थे। इसी दौरान तितलीघाट के समीप बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित खाई में जा गिरी। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।

दुर्घटना की जानकारी मिलने पर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और दोनों घायलों को खाई से बाहर निकाला। इसके बाद उन्हें इलाज के लिए किरीबुरू जनरल अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में दोनों का उपचार शुरू किया गया। इलाज के दौरान सोमवार तड़के करीब चार बजे सचिन हांसदा की मौत हो गई। वहीं, सामू चतोंबा का इलाज अस्पताल में जारी है।

सोमवार को पोस्टमार्टम हाउस में सचिन के बड़े भाई शिवनाथ हांसदा ने बताया कि सचिन इलेक्ट्रिकल अप्रेंटिस का प्रशिक्षण ले रहा था और नौकरी की तैयारी कर रहा था। हादसे में उसकी मौत की खबर मिलने के बाद परिजनों और परिचितों में शोक की लहर है।

पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंपने की प्रक्रिया शुरू की। छोटानागरा थाना पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।

Related Post