Breaking
Mon. Oct 5th, 2026

*दुर्गा पूजा को लेकर गुवा में शांति समिति की बैठक*

चाईबासा: दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने को लेकर पश्चिम सिंहभूम जिले के गुवा थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता किरीबुरू एसडीपीओ विनीत कुमार किंडो और किरीबुरू इंस्पेक्टर समीर तिर्की ने की। बैठक में पूजा समितियों के सदस्यों और स्थानीय लोगों को सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक में बताया गया कि गुवा थाना क्षेत्र में इस वर्ष नौ स्थानों पर दुर्गा पूजा का आयोजन किया जाएगा। इनमें रामनगर, विवेक नगर, कैलाश नगर, नुईया रुगंटा कॉलोनी, बिरसा नगर-2, कल्याण नगर, कारोकुंज हिरजीहाटिंग, वन देवी और बेतरकिया के पूजा पंडाल शामिल हैं।

पुलिस अधिकारियों ने सभी पूजा समितियों को निर्देश दिया कि पूजा पंडालों में डीजे का इस्तेमाल नहीं किया जाएगा। सामान्य साउंड सिस्टम का उपयोग किया जा सकता है, लेकिन रात 10 बजे तक इसे बंद करना अनिवार्य होगा। पंडालों में केवल भक्ति गीत बजाने की अनुमति रहेगी।

सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सभी पूजा पंडालों में सीसीटीवी कैमरे लगाने का निर्देश दिया गया। साथ ही अग्नि सुरक्षा के लिए पंडाल के बाहर पर्याप्त मात्रा में बालू और पानी की व्यवस्था रखने को कहा गया। पुलिस ने पूजा समितियों से पंडाल के आसपास भीड़ और यातायात व्यवस्था को नियंत्रित रखने में सहयोग करने की अपील की।

बैठक में बताया गया कि 20 अक्टूबर को रावण दहन और 21 अक्टूबर को प्रतिमा विसर्जन किया जाएगा। इन कार्यक्रमों के दौरान शराब का सेवन करने वालों और असामाजिक तत्वों पर विशेष नजर रखी जाएगी। श्रद्धालुओं से पंडालों के आसपास वाहन खड़ा नहीं करने और निर्धारित पार्किंग स्थल का उपयोग करने की अपील की गई।

बैठक में गुवा थाना प्रभारी नीतीश कुमार सहित जनप्रतिनिधि, गणमान्य लोग और विभिन्न दुर्गा पूजा समितियों के सदस्य उपस्थित थे। पुलिस प्रशासन ने सभी से शांतिपूर्ण आयोजन के लिए सहयोग करने की अपील की।

Related Post