Breaking
Mon. Oct 5th, 2026

*गुवा सेल में मजदूरों के शोषण का आरोप, आंदोलन की चेतावनी*

चाईबासा: झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा ने गुवा क्षेत्र का दौरा किया। इस दौरान रेलवे मार्केट स्थित भाजपा कार्यालय में कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर स्थानीय मजदूरों की समस्याओं पर चर्चा की। बैठक में गुवा सेल में कार्यरत ठेका मजदूरों की स्थिति और रोजगार से जुड़े मुद्दे उठाए गए।

मधु कोड़ा ने कहा कि सेल खदान क्षेत्र में काम करने वाले ठेका मजदूरों को भारत सरकार द्वारा निर्धारित न्यूनतम मजदूरी से कम भुगतान किए जाने की शिकायतें मिल रही हैं। उन्होंने कहा कि मजदूरों को जरूरी सुविधाएं भी नहीं मिल रही हैं। कार्यस्थल पर दुर्घटना होने की स्थिति में मजदूरों को उचित लाभ नहीं मिल पाता है। उन्होंने मजदूरों को नियमानुसार मेडिकल सुविधा सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की।

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि स्थानीय युवाओं और मजदूरों को रोजगार देने के बजाय बाहर से श्रमिकों को बुलाए जाने की शिकायत है। उन्होंने कहा कि ठेकेदारों के माध्यम से होने वाली बहाली में भी अनियमितता की शिकायतें सामने आ रही हैं। नौकरी के नाम पर पैसे लिए जाने की बात भी कही जा रही है। उन्होंने कहा कि स्थानीय मजदूरों के लिए इतनी बड़ी रकम जुटाना मुश्किल है।

मधु कोड़ा ने कहा कि गुवा सेल में एमडीओ व्यवस्था लागू होने के बाद स्थानीय लोगों के रोजगार के अवसर प्रभावित हुए हैं। ठेकेदारों के माध्यम से होने वाली बहाली में स्थानीय लोगों को प्राथमिकता मिलनी चाहिए। उन्होंने कहा कि मजदूरों को उनका अधिकार और स्थानीय लोगों को रोजगार नहीं मिला तो व्यापक जन आंदोलन की रणनीति तैयार की जाएगी।

बैठक में भाजपा सारंडा मंडल युवा मोर्चा अध्यक्ष महेंद्र महाकुड़, उपाध्यक्ष जय किशन गुप्ता, पूर्वी मंडल अध्यक्ष कैलाश दास, गोपाल नाथ, कानु पूर्ति, पीयूष साव, प्रशांत गुप्ता, दीपक गोस्वामी, अजय दास, प्रेम गोच्छाईत और उदय सिंह सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद थे।

Related Post