चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिला क्रिकेट संघ के तत्वावधान में चल रही पश्चिमी सिंहभूम टी-20 लीग के लीग राउंड के अंतिम दो मुकाबले खेले गए। इन मुकाबलों में मनोहरपुर लायंस ने चक्रधरपुर रॉयल्स को तीन विकेट से और चाईबासा चैलेंजर्स ने सारंडा वारियर्स को आठ विकेट से हराकर सेमीफाइनल में जगह बना ली।
पहले मुकाबले में टॉस हारकर बल्लेबाजी करते हुए चक्रधरपुर रॉयल्स की टीम 16.2 ओवर में 161 रन पर सिमट गई। अनुज उरांव ने आठ चौके और पांच छक्कों की मदद से 78 रन बनाए, जबकि श्रेष्ठ ने 39 रन बनाए। मनोहरपुर लायंस की ओर से गौरव सिंह ने नौ रन देकर चार विकेट लिए। सुप्रियो चक्रवर्ती और तन्मय तंतुबाई को दो-दो विकेट मिले।
लक्ष्य का पीछा करते हुए मनोहरपुर लायंस ने 18.4 ओवर में सात विकेट खोकर 165 रन बनाकर मैच जीत लिया। चंदन मुखी ने निचले क्रम में बल्लेबाजी करते हुए 63 रन की महत्वपूर्ण पारी खेली। चक्रधरपुर रॉयल्स की ओर से महेश सुलेंद्र दास ने चार और हर्ष कुमार ने दो विकेट लिए। चंदन मुखी को मैन ऑफ द मैच चुना गया, लेकिन उन्होंने अपना पुरस्कार गौरव सिंह को समर्पित कर दिया। पुरस्कार स्टेक स्पोर्ट्स जी के निदेशक पियुष आनंद ने प्रदान किया।
दूसरे मुकाबले में सारंडा वारियर्स ने 19.4 ओवर में 205 रन बनाए। कुमार करण ने पांच चौके और नौ छक्कों की मदद से 92 रन बनाए, जबकि अंकित शर्मा ने 43 रन बनाए। चाईबासा चैलेंजर्स के एमोस एक्का ने तीन, सचिन भाटी और हर्ष राणा ने दो-दो विकेट लिए।
जवाब में चाईबासा चैलेंजर्स ने 17 ओवर में दो विकेट पर 209 रन बनाकर जीत दर्ज की। सचिन दूबे ने नौ चौके और आठ छक्कों की मदद से नाबाद 107 रन बनाए। अरविंद कुमार ने 61 रन बनाए। सचिन दूबे को मैन ऑफ द मैच चुना गया। पुरस्कार पश्चिमी सिंहभूम जिला क्रिकेट संघ के सहायक सचिव शाहिद अख्तर ने प्रदान किया।
बुधवार को सेमीफाइनल में सुबह नौ बजे कोल्हान किंग का मुकाबला जगन्नाथपुर टाइगर्स से और दोपहर एक बजे मनोहरपुर लायंस का मुकाबला चाईबासा चैलेंजर्स से होगा।

