जमशेदपुर। दुर्गापूजा के दौरान जिले में शांति, सुरक्षा और आपसी सौहार्द बनाए रखने को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। सोमवार को समाहरणालय सभागार में जिला दण्डाधिकारी सह उपायुक्त राजीव रंजन की अध्यक्षता में पेश-ए-इमाम तथा विभिन्न मस्जिदों के अध्यक्ष और सचिवों के साथ बैठक हुई। बैठक में पर्व के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ नागरिक सुविधाओं और सुरक्षा इंतजामों पर विस्तार से चर्चा की गई।
उपायुक्त राजीव रंजन ने कहा कि दुर्गापूजा शांतिपूर्ण और सौहार्द्रपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए सभी संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। पूजा और विसर्जन के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा, साफ-सफाई, पेयजल, बिजली, स्ट्रीट लाइट, यातायात और सुरक्षा व्यवस्था को बेहतर रखने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। विसर्जन घाटों पर गोताखोरों की तैनाती और आवश्यक सुरक्षा इंतजाम भी सुनिश्चित किए जाएंगे।
उपायुक्त ने कहा कि पर्व के दौरान अफवाह और भ्रामक सूचनाओं से बचना सभी की जिम्मेदारी है। विशेष रूप से युवाओं से अपील की गई कि सोशल मीडिया पर मिलने वाली किसी भी खबर या वीडियो को बिना सत्यापन के सही न मानें और उसे आगे प्रसारित न करें। उन्होंने एआई से तैयार फेक वीडियो, एडिटेड वीडियो और भ्रामक तस्वीरों को लेकर भी लोगों को सतर्क रहने की अपील की।
वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ. ऐहतेशाम वकारिब ने कहा कि दुर्गापूजा को लेकर पुलिस पूरी तरह सतर्क है। संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले इलाकों में सीसीटीवी के जरिए निगरानी रखी जाएगी तथा असामाजिक तत्वों पर विशेष नजर रहेगी। उन्होंने मस्जिदों के प्रतिनिधियों से अपने स्तर पर लोगों को जागरूक करने की अपील की, ताकि किसी भी अफवाह या फेक न्यूज के कारण माहौल खराब न हो।
बैठक में भीड़ नियंत्रण, ड्रॉप गेट, यातायात व्यवस्था, विसर्जन घाटों की सुरक्षा, प्रकाश व्यवस्था और साफ-सफाई सहित अन्य तैयारियों की समीक्षा की गई। प्रशासन और पुलिस अधिकारियों ने सभी समुदायों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि सामूहिक जिम्मेदारी और आपसी भाईचारे से ही दुर्गापूजा का पर्व शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराया जा सकता है।

