चाईबासा: चाईबासा शहरी क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग की बदहाल स्थिति और जगह-जगह बने गड्ढों को लेकर भारतीय जनता पार्टी पिछड़ा जाति मोर्चा के झारखंड प्रदेश मंत्री सह अधिवक्ता हेमंत कुमार केशरी ने पश्चिम सिंहभूम के उपायुक्त को आवेदन सौंपकर जनहित में तत्काल सड़क मरम्मत कराने की मांग की है।
आवेदन में हेमंत कुमार केशरी ने शहर के विभिन्न स्थानों पर सड़क की खराब स्थिति का उल्लेख किया है। उन्होंने कहा कि लुथेरन स्कूल के सामने करीब 15 दिनों से सड़क के आधे हिस्से को खोदकर छोड़ दिया गया है। यहां उचित बेरिकेडिंग नहीं होने के कारण दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।
आरके जैन पेट्रोल पंप के पास करीब 15 फुट लंबा और छह फुट चौड़ा गड्ढा लगभग तीन महीने से बना हुआ है। गड्ढे में केवल मिट्टी डालकर छोड़ दिया गया है, जो दबने के बाद करीब एक फुट गहरा हो गया है। वहीं रतन लाल पेट्रोल पंप के पास पिछले चार-पांच दिनों से सड़क के बीच सुरंगनुमा बड़ा गड्ढा बन गया है। आवेदन के अनुसार, यहां कई दोपहिया वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो चुके हैं। लोगों को सावधान करने के लिए किसी व्यक्ति ने गड्ढे में बांस का बल्ला लगा दिया है।
हेमंत कुमार केशरी ने आवेदन में यह भी बताया है कि लुथेरन स्कूल के मुख्य गेट के सामने पिछले तीन-चार वर्षों से पेयजल विभाग की पानी सप्लाई का चाभी और लोहे का पाइप मुख्य सड़क पर ही स्थित है, जिससे आवागमन करने वाले लोगों के चोटिल होने की आशंका बनी रहती है।
इसके अलावा आईबीपी पेट्रोल पंप के सामने राष्ट्रीय राजमार्ग की ओर से पक्की नाली का निर्माण कराया जा रहा है, लेकिन कार्य अधूरा है और नाली में लगे उभरे हुए सरिये दुर्घटना का कारण बन सकते हैं। सदर थाना के सामने राष्ट्रीय राजमार्ग की सड़क पर भी अधूरा कार्य किए जाने से लोगों को परेशानी और चोट लगने की शिकायत आवेदन में की गई है।
आवेदन में कहा गया है कि कोल्हान प्रमंडल और पश्चिम सिंहभूम जिला मुख्यालय चाईबासा में सड़कों की ऐसी स्थिति से आम लोगों में हमेशा दुर्घटना का भय बना रहता है। उपायुक्त से सभी चिह्नित स्थानों पर जल्द से जल्द सड़क निर्माण और मरम्मत कार्य कराने का आग्रह किया गया है।
हेमंत कुमार केशरी ने चेतावनी दी है कि यदि जनहित में जल्द कार्रवाई नहीं की गई तो भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता में वर्णित प्रावधानों के तहत राष्ट्रीय राजमार्ग के कार्यपालक अभियंता और नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

