Breaking
Tue. Sep 8th, 2026

*गुवा गोलीकांड के शहीदों को पूर्व मंत्री बड़कुंवर गागराई ने दी श्रद्धांजलि, बोले- शहीद परिवारों और गांवों के विकास पर सरकार दे विशेष ध्यान*

चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के गुवा में 8 सितंबर 1980 को हुए गोलीकांड की बरसी पर मंगलवार को गुवा गोलीकांड के शहीदों को श्रद्धांजलि दी गई। इस अवसर पर झारखंड सरकार के पूर्व मंत्री सह पूर्व भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष बड़कुंवर गागराई अपने सहयोगियों के साथ गुवा पहुंचे और शहीद स्थल पर सभी शहीदों को भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की।

कार्यक्रम के दौरान बड़कुंवर गागराई ने गुवा गोलीकांड की घटना को याद करते हुए कहा कि 8 सितंबर 1980 को तत्कालीन बिहार, वर्तमान झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले के गुवा बाजार में पुलिस फायरिंग की घटना हुई थी। इस घटना में 11 आदिवासी प्रदर्शनकारी शहीद हुए थे। उन्होंने कहा कि गुवा गोलीकांड झारखंड अलग राज्य आंदोलन के इतिहास की महत्वपूर्ण घटनाओं में से एक है।

बड़कुंवर गागराई ने कहा कि उस समय स्थानीय आदिवासी जल, जंगल और जमीन के अधिकार, खदानों में रोजगार तथा अलग झारखंड राज्य की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे थे। उन्होंने कहा कि घटना के दौरान इलाके में धारा 144 लागू थी। प्रदर्शन के दौरान हुई पुलिस फायरिंग में कई लोगों की जान चली गई और बड़ी संख्या में लोग प्रभावित हुए।

उन्होंने कहा कि गुवा गोलीकांड की सबसे पीड़ादायक बात यह थी कि घायल लोगों को इलाज के लिए स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया था। आरोप है कि अस्पताल परिसर में भी पुलिस की गोलीबारी हुई। उन्होंने कहा कि इस घटना ने आदिवासी समाज के साथ-साथ पूरे कोल्हान क्षेत्र को गहरे तौर पर प्रभावित किया और झारखंड अलग राज्य की मांग को और मजबूती मिली।

बड़कुंवर गागराई ने कहा कि गुवा गोलीकांड को आज भी झारखंड के लोग अपने इतिहास के एक दर्दनाक अध्याय के रूप में याद करते हैं। उन्होंने कहा कि इस घटना के पीछे उस समय किसकी सरकार थी, घटना के सूत्रधार कौन थे और किनके इशारे पर कार्रवाई हुई, यह इतिहास के पन्नों में दर्ज है। उन्होंने कहा कि इस विषय पर राजनीति करने के बजाय वर्तमान सरकार को शहीदों के परिवारों और उनके गांवों के विकास के लिए ठोस काम करना चाहिए।

उन्होंने कहा कि सरकार यदि वास्तव में गुवा गोलीकांड के शहीदों का सम्मान करना चाहती है तो शहीद परिवारों की समस्याओं का समाधान, उनके गांवों में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार और क्षेत्र के विकास में शत-प्रतिशत योगदान सुनिश्चित करे। यही शहीदों के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

कार्यक्रम के दौरान बड़कुंवर गागराई के साथ पहुंचे सहयोगियों ने भी शहीदों को श्रद्धासुमन अर्पित किए। उपस्थित लोगों ने गुवा गोलीकांड के शहीदों को नमन करते हुए उनके बलिदान को याद किया।

Related Post