जमशेदपुर, 5 सितंबर 2026। सी.पी. समिति मध्य विद्यालय केबुल बस्ती एवं राइजिंग सन इंग्लिश स्कूल के संयुक्त तत्वावधान में शनिवार को विद्यालय सभागार में शिक्षक दिवस सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय के अध्यक्ष दिनेश कुमार, संरक्षक खेमलाल चौधरी, महासचिव परमानंद कौशल तथा प्रधानाध्यापक अमित कुमार सिंह एवं लुबना नूर खान ने डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर की।
समारोह के दौरान दोनों विद्यालयों के विद्यार्थियों ने विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। विद्यार्थियों ने नाटक के माध्यम से शिक्षा के महत्व, गुरु-शिष्य परंपरा और शिक्षकों के योगदान को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया।
शिक्षक समाज के भविष्य के निर्माता : दिनेश कुमार
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विद्यालय अध्यक्ष दिनेश कुमार ने कहा कि शिक्षक केवल पाठ्यक्रम पूरा कराने वाले व्यक्ति नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के व्यक्तित्व, संस्कार और भविष्य का निर्माण करने वाले मार्गदर्शक होते हैं। शिक्षक के मार्गदर्शन से विद्यार्थी सही दिशा प्राप्त करता है और आगे चलकर समाज एवं राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
उन्होंने डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के जीवन और विचारों का उल्लेख करते हुए कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल ज्ञान अर्जित करना नहीं, बल्कि चरित्रवान, संस्कारवान और जिम्मेदार नागरिक तैयार करना है। उन्होंने विद्यार्थियों से शिक्षकों का सम्मान करने और उनके मार्गदर्शन को जीवन में अपनाने का आह्वान किया।
शिक्षक का सम्मान, समाज का सम्मान : खेमलाल चौधरी
विद्यालय के संरक्षक खेमलाल चौधरी ने कहा कि भारतीय संस्कृति में गुरु का स्थान सदैव सर्वोच्च रहा है। शिक्षक विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान के साथ अनुशासन, संस्कार और जीवन की चुनौतियों का सामना करने की क्षमता प्रदान करते हैं। उन्होंने कहा कि विद्यालय अच्छे नागरिकों के निर्माण की आधारशिला है।
उन्होंने सभी शिक्षकों को शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं देते हुए उनके समर्पण और मेहनत की सराहना की।
शिक्षकों और भानु देवी को किया सम्मानित
समारोह में विद्यालय प्रबंधन समिति की ओर से दोनों विद्यालयों के शिक्षकों को पुष्प, उपहार और कलम भेंट कर सम्मानित किया गया। वहीं, लंबे समय तक माता समिति में सेवा देने वाली भानु देवी के सेवानिवृत्त होने पर उन्हें विशेष रूप से सम्मानित किया गया। विद्यालय अध्यक्ष दिनेश कुमार ने उन्हें शॉल, बुके, उपहार एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर उनके सेवाकाल के प्रति आभार जताया।
शिक्षक दिवस के अवसर पर शिक्षकों ने केक काटकर एक-दूसरे को शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम का संचालन शिक्षिका सीमा ने किया। स्वागत भाषण महासचिव परमानंद कौशल ने दिया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन प्रधानाध्यापक अमित कुमार सिंह ने किया।
इस अवसर पर प्रबंधन समिति के सालिक दास देवांगन, जगदेव साहू, रामनरेश साहू, जैसप लाल देवांगन, अशोक सिंह, रेमन कुमार, वीरेंद्र कुमार साहू टीनू, सुकृत दास मानिकपुरी, दिनेश साहू समेत अन्य सदस्य मौजूद रहे।
वहीं, शिक्षकों में हीरा दास मानिकपुरी, कौशिक दत्ता, रेखा कुमारी, अनुसुइया कुमारी, तारकेश्वरी देवी, सुमन सिंह, अर्चना सिंह, त्रिलोचन कौर, संगीता मेरी सोरेन, ऋचा मिश्रा, अनुष्का सिंह, कुमकुम सिंह, कृतिका सिंह, सोनम शर्मा, अंजली शर्मा, चांदनी कुमारी, रवीना ठाकुर, कविता साहू, दीक्षा साहू और प्रीति शर्मा सहित बड़ी संख्या में शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।
“गुरु ज्ञान का दीप जलाते हैं, संस्कारों से जीवन सजाते हैं और राष्ट्र का भविष्य बनाते हैं।”

