जमशेदपुर। पूर्वी सिंहभूम जिले के बोड़ाम थाना क्षेत्र स्थित पगदा गांव में बुधवार शाम सड़क हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका चचेरा भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा टाटा-पटमदा मुख्य सड़क पर पगदा उप स्वास्थ्य केंद्र के समीप शाम करीब छह बजे हुआ। मृतक की पहचान शुक्ला गांव निवासी राजू महतो के रूप में हुई है, जबकि घायल युवक श्यामापद महतो बताया गया है। दोनों चचेरे भाई थे और जुगसलाई में मजदूरी करते थे।
जानकारी के अनुसार, राजू महतो और श्यामापद महतो एक ही बाइक पर सवार होकर अपने घर से जुगसलाई जा रहे थे। इसी दौरान पगदा उप स्वास्थ्य केंद्र के पास विपरीत दिशा से आ रहे टायर लदे 709 ट्रक ने उनकी बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों बाइक से सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना समाजसेवी उमेश महतो को दी। उन्होंने तत्काल बोड़ाम थाना पुलिस को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही हलुदबनी ओपी के पदाधिकारी और कैंप में तैनात सैप जवान मौके पर पहुंचे। पुलिसकर्मियों ने दोनों घायलों को अपने वाहन से एमजीएम अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद राजू महतो को मृत घोषित कर दिया, जबकि श्यामापद महतो का इलाज जारी है।
राजू की मौत की सूचना मिलते ही उसके परिजन एमजीएम अस्पताल पहुंचे। युवक की मौत से परिवार में मातम पसर गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। इधर, पुलिस ने मामले की जांच शुरू करते हुए दुर्घटना के बाद मौके से भाग रहे 709 ट्रक को पटमदा थाना पुलिस की मदद से पकड़ लिया। प्रारंभिक पूछताछ में ट्रक चालक ने पुलिस को बताया कि ओवरटेक करने के दौरान हादसा हुआ। पुलिस दुर्घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

