चाईबासा: भारतीय जनता पार्टी पश्चिमी सिंहभूम जिला कार्यालय, चाईबासा में बुधवार को कलश वितरण और एसआईआर से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों को लेकर विशेष बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष गीता बालमुचु ने की। दुर्घटना के बाद पहली बार संगठनात्मक कार्यक्रम में शामिल होकर उन्होंने पार्टी की गतिविधियों की कमान संभाली।
बैठक में आगामी कार्यक्रमों की तैयारियों, संगठनात्मक गतिविधियों तथा मंडल और बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं की भूमिका को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां सौंपने और संगठन के कार्यक्रमों को प्रभावी तरीके से बूथ स्तर तक पहुंचाने पर जोर दिया गया।
बैठक में प्रदेश उपाध्यक्ष गीता कोड़ा, प्रदेश सदस्य जे.बी. तुबिद, पूर्व मंत्री बड़कुंवर गागराई, पूर्व विधायक जवाहरलाल बाबरा एवं प्रदेश सदस्य सतीश पुरी मंच पर मौजूद रहे।
प्रदेश उपाध्यक्ष गीता कोड़ा ने कहा कि भाजपा की सबसे बड़ी ताकत उसके कार्यकर्ता हैं। मंडल और बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करना वर्तमान समय की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि एसआईआर जैसे महत्वपूर्ण विषय को लेकर कार्यकर्ताओं को पूरी जानकारी के साथ जनता के बीच जाना चाहिए। लोगों के बीच यदि किसी तरह का भ्रम है तो उसे दूर करते हुए सही तथ्यों की जानकारी देना कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है।
कार्यकर्ता ही संगठन की रीढ़ : बड़कुंवर गागराई
पूर्व मंत्री बड़कुंवर गागराई ने कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता संगठन की रीढ़ है। संगठन केवल कार्यालयों या बैठकों से मजबूत नहीं होता, बल्कि बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं की सक्रियता और जनता से लगातार संपर्क से उसकी वास्तविक मजबूती तय होती है। उन्होंने कहा कि मंडल और बूथ के कार्यकर्ता पार्टी की नीतियों और कार्यक्रमों को आम लोगों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
गागराई ने कहा कि कार्यकर्ताओं को आपसी समन्वय के साथ जिम्मेदारी निभानी होगी। बूथ स्तर पर संगठन जितना मजबूत होगा, पार्टी उतनी ही प्रभावी तरीके से जनता के बीच अपनी बात रख सकेगी। उन्होंने आगामी कार्यक्रमों को लेकर कार्यकर्ताओं से सक्रियता बढ़ाने और प्रत्येक जिम्मेदारी को गंभीरता से पूरा करने का आह्वान किया।
प्रदेश सदस्य जे.बी. तुबिद ने कहा कि संगठन की मजबूती के लिए मंडल और बूथ स्तर पर बेहतर समन्वय जरूरी है। सभी मंडल अध्यक्ष अपनी जिम्मेदारियों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करते हुए कार्यक्रमों को सफल बनाएं।
पूर्व विधायक जवाहरलाल बाबरा ने कहा कि कार्यकर्ताओं की एकजुटता, अनुशासन और निरंतर जनसंपर्क भाजपा की बड़ी ताकत है। सभी कार्यकर्ताओं को आपसी समन्वय के साथ संगठन को मजबूत करने में जुटना चाहिए।
बैठक में जिला पदाधिकारी, मंडल प्रभारी, मंडल प्रवासी, सभी मंडल अध्यक्ष, जिले में निवास करने वाले प्रदेश पदाधिकारी और पार्टी के वरिष्ठ कार्यकर्ता मौजूद रहे। बैठक में कलश वितरण कार्यक्रम और एसआईआर से जुड़े विषयों पर चर्चा कर मंडल और बूथ स्तर पर आवश्यक जिम्मेदारियां तय की गईं।

