Breaking
Wed. Aug 19th, 2026

नियम-कायदे के दायरे में काम करें मानगो नगर निगम के अधिकारी : सरयू राय

जमशेदपुर। जमशेदपुर पश्चिमी के विधायक सरयू राय ने बुधवार को मानगो नगर निगम कार्यालय पहुंचकर अपर नगर आयुक्त और उप नगर आयुक्त के साथ बैठक की। इस दौरान उन्होंने मंगलवार को हुई निगम की हंगामेदार बोर्ड बैठक के संदर्भ में अधिकारियों से निगम के कामकाज और प्रशासनिक निर्णयों की जानकारी ली। सरयू राय ने अधिकारियों से स्पष्ट कहा कि वे किसी भी तरह के दबाव में आए बिना नगरपालिका अधिनियम और निर्धारित नियमों के अनुसार काम करें।

सरयू राय ने कहा कि यथा संशोधित नगरपालिका अधिनियम-2011 के प्रावधानों के अनुसार नगर निगम की कार्यकारी शक्तियां नगर आयुक्त में निहित हैं। उन्होंने कहा कि मेयर की भूमिका महत्वपूर्ण होने के बावजूद उन्हें प्रशासनिक एवं कार्यकारी अधिकार नहीं दिए गए हैं। ऐसे में निगम के कामकाज में नियमों की अनदेखी होने पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय हो सकती है।

विधायक ने अधिकारियों को आगाह किया कि किसी व्यक्ति या संस्था को अनुचित लाभ पहुंचाने के लिए नियमों से हटकर लिया गया निर्णय भविष्य में अधिकारियों के लिए परेशानी का कारण बन सकता है। उन्होंने कहा कि किसी के दबाव में आकर नियम विरुद्ध काम करने वाले अधिकारी को ही कार्रवाई का सामना करना पड़ेगा, जबकि दबाव बनाकर लाभ लेने वाला व्यक्ति बाद में उनसे किनारा कर सकता है।

सरयू राय ने अधिकारियों को विभिन्न कानूनी प्रावधानों की जानकारी देते हुए कहा कि निगम कर्मचारियों के विरुद्ध प्रशासनिक कार्रवाई, कारण बताओ नोटिस और अन्य विभागीय प्रक्रिया का अधिकार सक्षम कार्यकारी अधिकारी के स्तर पर ही होना चाहिए। उन्होंने बजट स्वीकृति, निविदा प्रक्रिया और विकास योजनाओं से जुड़े नियमों का भी पालन करने पर जोर दिया।

उन्होंने कहा कि नगर निगम की बोर्ड बैठक का एजेंडा नियमों के अनुसार नगर आयुक्त द्वारा तय किया जाना चाहिए। बैठक की अध्यक्षता मेयर करें, लेकिन प्रशासनिक संचालन की जिम्मेदारी संबंधित कार्यकारी अधिकारियों द्वारा निभाई जाए। उन्होंने अधिकारियों से मानगो क्षेत्र की विकास योजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर तैयार कर उन्हें धरातल पर उतारने तथा उपायुक्त के माध्यम से विभिन्न विभागों के साथ समन्वय स्थापित करने को कहा।

सरयू राय ने बताया कि उन्होंने विभागीय मंत्री से भी बातचीत कर नगर निकायों के वार्ड पार्षदों की प्रमंडलवार बैठक आयोजित करने और उन्हें आवश्यक सलाह व प्रशिक्षण उपलब्ध कराने का आग्रह किया है। उन्होंने अधिकारियों को भरोसा दिलाया कि नियमों के दायरे में रहकर काम करने वाले निगम पदाधिकारियों को उनका पूरा सहयोग मिलेगा।

Related Post