जमशेदपुर। जुगसलाई नगर परिषद क्षेत्र में सफाई, पेयजल आपूर्ति और स्ट्रीट लाइट जैसी मूलभूत सुविधाओं की बदहाल स्थिति को लेकर पार्षदों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में नगर परिषद क्षेत्र की समस्याओं पर चर्चा करते हुए व्यवस्था में तत्काल सुधार की मांग की गई।
बैठक में निर्णय लिया गया कि जुगसलाई क्षेत्र में डोर-टू-डोर कचरा उठाव, सड़कों और नालियों की नियमित सफाई के साथ ब्लिचिंग पाउडर का छिड़काव, मच्छररोधी दवाओं की फॉगिंग, एंटी-लार्वा और डी.डी.टी. का छिड़काव नियमित रूप से कराया जाए।
पार्षदों ने जुगसलाई की पेयजल आपूर्ति व्यवस्था को जुगसलाई नगर परिषद के माध्यम से संचालित करने की मांग की। साथ ही पेयजल की गुणवत्ता में सुधार और जिन इलाकों में जलापूर्ति बाधित है, वहां समस्या का तत्काल समाधान करने की बात कही गई।
बैठक में स्ट्रीट लाइट और हाई मास्ट लाइट की पर्याप्त व्यवस्था करने तथा खराब लाइटों की मरम्मत के लिए समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने का भी निर्णय लिया गया।
पार्षदों का कहना है कि पिछले कई दिनों से जुगसलाई में डोर-टू-डोर कचरा उठाव बंद है और सफाई व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। इस संबंध में पिछले महीने कई बार कार्यपालक पदाधिकारी से शिकायत की गई, लेकिन हर बार केवल आश्वासन मिला और समस्या के समाधान के लिए ठोस पहल नहीं की गई। इसके कारण पार्षदों को जनता के आक्रोश का सामना करना पड़ रहा है।
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि एक सप्ताह के भीतर यदि व्यवस्थाओं में ठोस सुधार नहीं किया गया तो जुगसलाई नगर परिषद कार्यालय के बाहर सामूहिक रूप से शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन और अनशन किया जाएगा।
बैठक में कुल 22 पार्षदों में से 16 पार्षद उपस्थित रहे, जबकि अन्य पार्षदों ने फोन के माध्यम से अपनी सहमति व्यक्त की।

