जमशेदपुर। पूर्वी सिंहभूम जिले के कोवाली थाना क्षेत्र में रविवार देर रात कांवड़ यात्रा के दौरान जिला परिषद सदस्य सह भाजपा नेता सूरज मंडल और उनके साथियों पर कथित रूप से असामाजिक तत्वों ने हमला कर दिया। घटना में सूरज मंडल समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों का इलाज जमशेदपुर स्थित एमजीएम अस्पताल में कराया जा रहा है।
बताया गया कि टांगरायन पंचायत के कैरासाई गांव के समीप यह घटना उस समय हुई, जब सूरज मंडल अपने परिजनों और साथियों के साथ करीब 10 से 15 लोगों के समूह में कांवड़ लेकर हरिणा स्थित मुक्तेश्वर धाम मंदिर में जलाभिषेक के लिए पैदल जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में कांवड़ लेकर जा रहे दूसरे समूह के कुछ युवकों पर महिलाओं के साथ अभद्र व्यवहार और आपत्तिजनक नारेबाजी करने का आरोप लगा।
सूरज मंडल के अनुसार उन्होंने महिलाओं के साथ कथित छेड़छाड़ और अभद्रता का विरोध किया। इसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया। आरोप है कि कैरासाई गांव के पास बड़ी संख्या में युवकों ने उन्हें और उनके साथियों को घेर लिया तथा लाठी-डंडे और शराब की बोतलों से हमला कर दिया। हमले में सूरज मंडल के अलावा घनश्याम मंडल और रवि मोदक भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
सूरज मंडल ने बताया कि हमलावरों की संख्या करीब 50 से 60 के आसपास थी। अचानक हुए हमले के बाद उन्होंने किसी तरह वहां से भागकर अपनी जान बचाई। घटना के बाद घायल तीनों लोगों को उपचार के लिए एमजीएम अस्पताल लाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। हमले के कारणों और इसमें शामिल लोगों की पहचान को लेकर पुलिस की ओर से छानबीन की जा रही है। कांवड़ यात्रा के दौरान हुई इस घटना से क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है। स्थानीय लोगों ने पुलिस से दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

