Breaking
Fri. Jul 31st, 2026

कुमारडुंगी में दंपती की निर्मम हत्या, तालाब के पास मिले शव से फैली सनसनी

चाईबासा। पश्चिम सिंहभूम जिले के कुमारडुंगी थाना क्षेत्र के गांडकीदा गांव में दंपती की नृशंस हत्या से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। बिश्रामपुर टोला निवासी डोंका सिंकु और उनकी पत्नी गोरवारी सिंकु के शव शुक्रवार सुबह सरकारी तालाब के समीप मिले। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि दोनों की हत्या धारदार हथियार, संभवतः टांगी से सिर पर वार कर की गई है।

जानकारी के अनुसार, घटना गुरुवार देर शाम या रात की मानी जा रही है। शुक्रवार सुबह गांव के कुछ लोग शौच के लिए सरकारी तालाब की ओर गए, जहां तालाब से जुड़े नाले के पास करीब 20 फीट की दूरी पर दोनों के शव पड़े मिले। शवों की पहचान डोंका सिंकु और उनकी पत्नी गोरवारी सिंकु के रूप में होने के बाद ग्रामीणों ने तत्काल गांव के मुंडा कमल किशोर हेम्ब्रम को सूचना दी। इसके बाद पुलिस को घटना की जानकारी दी गई।

सूचना मिलते ही कुमारडुंगी थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी रफायल मुर्मू और पुलिस निरीक्षक भी मौके पर पहुंचे तथा घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच का जायजा लिया।

पुलिस के अनुसार, मृतकों के सिर पर धारदार हथियार से किए गए गहरे वार के निशान मिले हैं। हालांकि हत्या के पीछे का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस ग्रामीणों से पूछताछ कर हर पहलू की जांच कर रही है। स्थानीय स्तर पर अंधविश्वास, डायन-बिसाही अथवा जमीन-संपत्ति विवाद को लेकर भी चर्चाएं हैं, लेकिन पुलिस ने किसी भी संभावना की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी रफायल मुर्मू ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। सभी संभावित पहलुओं पर पुलिस काम कर रही है और जल्द ही घटना का खुलासा कर आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी।

Related Post