जमशेदपुर। अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर गुरुवार को मेरा युवा भारत, पूर्वी सिंहभूम की ओर से युवा साथी यूथ क्लब के सहयोग से बाराद्वारी स्थित आशीर्वाद वृद्धाश्रम में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य वृद्धजनों के प्रति सम्मान, संवेदनशीलता और अपनत्व की भावना को बढ़ावा देने के साथ युवाओं को उनके जीवन अनुभवों और मूल्यों से जोड़ना था।
कार्यक्रम में जिला युवा अधिकारी मोंटू पातर, युवा साथी यूथ क्लब के अध्यक्ष मानव सहित क्लब के सदस्य दिव्या, कुंती, रश्मि, सूरज और निलेश मौजूद रहे। इस दौरान युवाओं ने वृद्धाश्रम में रह रहे बुजुर्गों से मुलाकात कर उन्हें फूलों का गुलदस्ता भेंट किया और सम्मानित किया। इसके साथ ही वृद्धजनों के लिए भोजन एवं खाद्य सामग्री भी उपलब्ध कराई गई।
युवाओं ने वृद्धजनों के साथ आत्मीय माहौल में समय बिताया और उनके जीवन से जुड़े अनुभवों, संघर्षों तथा उपलब्धियों के बारे में जानकारी ली। बातचीत के दौरान वृद्धजनों ने अपने जीवन के विभिन्न पहलुओं को साझा करते हुए युवाओं को अनुशासन, धैर्य, परिश्रम, संस्कार और सकारात्मक सोच के महत्व से अवगत कराया। युवाओं ने भी उनके अनुभवों को ध्यानपूर्वक सुना और उनसे प्रेरणा लेने की बात कही।
कार्यक्रम के दौरान युवाओं ने कहा कि वृद्धजन समाज की महत्वपूर्ण धरोहर हैं। उनके जीवन का अनुभव और ज्ञान नई पीढ़ी के लिए मार्गदर्शन का काम करता है। अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं ने वृद्धजनों के प्रति सम्मान, सहयोग और सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश दिया।

