जमशेदपुर। पूर्वी सिंहभूम जिले के डुमरिया प्रखंड के सुदूर ग्रामीण क्षेत्र स्थित सोनुदुरू प्राथमिक विद्यालय में गुरुवार को टीएसडीपीएल (TSDPL) के सीएसआर के तहत नि:शुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। ग्रामीण क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं की पहुंच बढ़ाने के उद्देश्य से आयोजित इस शिविर में आसपास के गांवों से पहुंचे 242 जरूरतमंद लोगों की स्वास्थ्य जांच की गई और उन्हें चिकित्सकीय परामर्श उपलब्ध कराया गया।
शिविर में डॉ. आशीष पारीख के नेतृत्व में मेडिकल टीम ने ग्रामीणों की स्वास्थ्य संबंधी जांच की तथा आवश्यक चिकित्सा सलाह और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता संबंधी जानकारी दी। सुदूर क्षेत्र में अपने गांव के समीप ही चिकित्सा सुविधा मिलने से ग्रामीणों को काफी सहूलियत हुई।
शिविर के आयोजन में गौरव बंदोपाध्याय, क्रांति, देवाशीष दास, टी.आर. बेज, तेजा और स्वास्तिक मोहंती ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वहीं यूनियन की ओर से प्रमोद उपाध्याय, शशि भूषण, अनीश कुमार झा, कौशलेश, राजेश, मनोज और सतीश ने सक्रिय सहयोग किया। आयोजन से जुड़े लोगों ने बताया कि इस तरह के स्वास्थ्य शिविरों के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में जरूरतमंद लोगों तक प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। शिविर के सफल आयोजन के लिए मेडिकल टीम, सहयोगी सदस्यों और स्थानीय ग्रामीणों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।

