Breaking
Thu. Oct 1st, 2026

लखनऊ-आदित्यपुर के बीच चलेगी एक फेरे की स्पेशल ट्रेन, यात्रियों को मिलेगी अतिरिक्त सुविधा

जमशेदपुर। यात्रियों और श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुए लखनऊ से आदित्यपुर के बीच विशेष ट्रेन चलाने का निर्णय लिया गया है। उत्तर रेलवे की ओर से ट्रेन संख्या 04218/04217 लखनऊ-आदित्यपुर-लखनऊ स्पेशल एक्सप्रेस के संचालन की अधिसूचना जारी की गई है। यह ट्रेन एक-एक फेरे के लिए दोनों दिशाओं में चलेगी।

ट्रेन संख्या 04218 लखनऊ-आदित्यपुर स्पेशल 10 अक्टूबर को लखनऊ से दोपहर 12.05 बजे रवाना होगी। इसके बाद यह रायबरेली, अमेठी, वाराणसी, पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन, सासाराम, गया, नेताजी सुभाष चंद्र बोस गोमो, भोजूडीह, अनारा, पुरुलिया और चांडिल होते हुए 11 अक्टूबर की सुबह 7.10 बजे आदित्यपुर पहुंचेगी। रास्ते में वाराणसी, गया, गोमो, पुरुलिया और अन्य प्रमुख स्टेशनों पर निर्धारित समय के अनुसार ठहराव दिया गया है।

वापसी में ट्रेन संख्या 04217 आदित्यपुर-लखनऊ स्पेशल 15 अक्टूबर को सुबह 11.10 बजे आदित्यपुर से रवाना होगी। यह ट्रेन चांडिल, पुरुलिया, अनारा, भोजूडीह, गोमो, गया, सासाराम, पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन, वाराणसी, अमेठी और रायबरेली होते हुए 16 अक्टूबर की सुबह 7 बजे लखनऊ पहुंचेगी।

करीब 868 किलोमीटर की दूरी तय करने वाली इस विशेष ट्रेन में कुल 22 कोच होंगे। इनमें 18 जीएससीएन, दो जीएसीसीएन और दो एसएलआरडी कोच शामिल हैं। ट्रेन का संचालन विद्युत कर्षण से किया जाएगा। लखनऊ मंडल में इसका प्राथमिक रखरखाव होगा, जबकि आदित्यपुर में ओईएम व्यवस्था के तहत रखरखाव किया जाएगा। अतिरिक्त भीड़ के मद्देनजर ट्रेन के संचालन से यात्रियों को आवागमन में राहत मिलने की उम्मीद है।

Related Post