Breaking
Fri. Jul 31st, 2026

केरला समाजम मॉडल स्कूल में डेंगू जागरूकता सत्र आयोजित, छात्रों को बचाव के उपायों की दी जानकारी

जमशेदपुर: केरला समाजम मॉडल स्कूल में डेंगू से बचाव एवं नियंत्रण को लेकर जागरूकता सत्र का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में कक्षा छह एवं सात के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सत्र का उद्देश्य विद्यार्थियों को डेंगू के कारणों, लक्षणों, उपचार तथा प्रभावी बचाव उपायों के प्रति जागरूक करना था।

कार्यक्रम में टीएसयूआईएसएल (टाटा स्टील) के स्वास्थ्य विशेषज्ञ आलोक सुमन शर्मा ने विद्यार्थियों को डेंगू से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दीं। उन्होंने बताया कि डेंगू एडीज मच्छर के काटने से फैलता है और इसके प्रसार को रोकने के लिए मच्छरों के प्रजनन स्थलों को समाप्त करना सबसे प्रभावी उपाय है।

सत्र के दौरान लाइव डेमोंस्ट्रेशन के माध्यम से विद्यार्थियों को घर एवं आसपास जमा पानी को हटाने, मच्छररोधी उत्पादों का उपयोग करने, पूरे शरीर को ढकने वाले कपड़े पहनने तथा स्वच्छता बनाए रखने जैसे सरल लेकिन प्रभावी उपायों की जानकारी दी गई।

यह जागरूकता कार्यक्रम अकादमिक निदेशक नंदिनी शुक्ला, प्राचार्य रीना बनर्जी, प्रधानाध्यापिका सुजाता सिंह, उप-प्राचार्य ए. एल. अब्राहम तथा रजिस्ट्रार वृंदा सुरेश के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया। विद्यालय प्रबंधन के सहयोग, मॉडरेटर्स तथा हेल्थ एंड हाइजीन क्लब के सदस्यों के समर्पित प्रयासों से कार्यक्रम का सफलतापूर्वक संचालन किया गया।

कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को न केवल डेंगू से बचाव के व्यावहारिक उपायों की जानकारी मिली, बल्कि उन्हें अपने परिवार और समाज में भी स्वास्थ्य एवं स्वच्छता के प्रति जागरूकता फैलाने के लिए प्रेरित किया गया।

Related Post