Breaking
Fri. Jul 31st, 2026

मानगो के दाईगुट्टू में बनेगा पंचमुखी हनुमान मंदिर, भूमिपूजन के साथ निर्माण कार्य का शुभारंभ

जमशेदपुर। मानगो के दाईगुट्टू स्थित धोबी लाइन क्षेत्र में पंचमुखी हनुमान मंदिर निर्माण का मार्ग प्रशस्त हो गया है। स्वर्गीय मेवालाल साह की स्मृति में शुक्रवार को वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान के साथ मंदिर निर्माण के लिए भूमिपूजन किया गया। धार्मिक अनुष्ठान पंडित संतोष तिवारी के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।

भूमिपूजन कार्यक्रम में भाजपा के पूर्व नेता विकास सिंह मुख्य रूप से शामिल हुए। उन्होंने नारियल फोड़कर मंदिर निर्माण कार्य का शुभारंभ किया और इस धार्मिक पहल की सफलता की कामना की।

मंदिर निर्माण समिति से जुड़े स्वर्गीय मेवालाल साह के ज्येष्ठ पुत्र प्यारेलाल साह ने बताया कि क्षेत्र में बजरंगबली का मंदिर नहीं होने से स्थानीय श्रद्धालुओं को काफी परेशानी होती थी। खासकर रामनवमी के अवसर पर इसी इलाके से अखाड़ा जुलूस निकलता है, लेकिन मंदिर के अभाव की कमी हमेशा महसूस की जाती थी। उन्होंने बताया कि उनके पिता स्वर्गीय मेवालाल साह की लंबे समय से इच्छा थी कि इस मोहल्ले में पंचमुखी हनुमान मंदिर का निर्माण हो। इसी उद्देश्य से उन्होंने अपने निजी भूखंड का एक बड़ा हिस्सा मंदिर निर्माण के लिए समर्पित कर दिया था। हालांकि उनके जीवनकाल में यह सपना साकार नहीं हो सका।

प्यारेलाल साह ने बताया कि अब उनके पिता की स्मृति में मंदिर निर्माण का कार्य शुरू किया गया है। निर्माण कार्य के लिए ओडिशा के अनुभवी कारीगरों को लगाया जाएगा और लगभग एक वर्ष के भीतर मंदिर का निर्माण पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।

भूमिपूजन के बाद श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया गया। मंदिर निर्माण की शुरुआत से पूरे मोहल्ले में उत्साह और खुशी का माहौल है तथा स्थानीय लोगों ने इसे क्षेत्र के लिए एक महत्वपूर्ण धार्मिक और सामाजिक पहल बताया।

Related Post