Breaking
Thu. Oct 22nd, 2026

ऑपरेशन “नारकोस” के तहत आरपीएफ की बड़ी कार्रवाई, ट्रेन से 16 किलो गांजा बरामद

रांची। रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने ऑपरेशन “नारकोस” के तहत नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक यात्री ट्रेन से 16 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत करीब आठ लाख रुपये बताई गई है। मामले में अज्ञात तस्करों के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

जानकारी के अनुसार, 30 जुलाई 2026 की सुबह लगभग साढ़े छह बजे आरपीएफ पोस्ट मुरी की एस्कॉर्ट पार्टी के प्रभारी उपनिरीक्षक सचिन कुमार ने ट्रेन के एस-4 कोच के शौचालय के पास दो संदिग्ध लावारिस बैग पड़े होने की सूचना आरपीएफ पोस्ट हटिया और फ्लाइंग टीम, आरपीएफ रांची को दी। ट्रेन के सुबह करीब सात बजे हटिया रेलवे स्टेशन पहुंचने पर आरपीएफ की संयुक्त टीम ने कोच की गहन जांच की। यात्रियों से पूछताछ के बावजूद बैगों का कोई दावेदार सामने नहीं आया।

इसके बाद दोनों बैगों को सुरक्षित तरीके से प्लेटफॉर्म संख्या दो पर उतारकर सहायक सुरक्षा आयुक्त रांची पी.एस. नेगी के पर्यवेक्षण में सभी वैधानिक प्रक्रियाओं का पालन करते हुए उनकी तलाशी ली गई। जांच के दौरान दोनों बैगों से एक-एक पैकेट बरामद हुआ। डीडी किट से परीक्षण करने पर दोनों पैकेटों में गांजा होने की पुष्टि हुई। इलेक्ट्रॉनिक कांटे से वजन करने पर प्रत्येक पैकेट आठ-आठ किलोग्राम का पाया गया। इस प्रकार कुल 16 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत लगभग आठ लाख रुपये आंकी गई है।

बरामद गांजे को फ्लाइंग टीम, आरपीएफ रांची के उपनिरीक्षक रवि शेखर ने विधिवत जब्त कर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए मौके पर ही सील किया। इसके बाद जब्त गांजा, जब्ती सूची और लिखित शिकायत जीआरपी हटिया को अग्रिम कानूनी कार्रवाई के लिए सौंप दी गई।

इस मामले में जीआरपी हटिया ने एनडीपीएस अधिनियम, 1985 की धारा 20(बी)(2)(बी) और 29 के तहत अज्ञात व्यक्तियों के विरुद्ध मामला दर्ज कर तस्करों की पहचान और नेटवर्क का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी है। आरपीएफ ने बताया कि ऑपरेशन “नारकोस” के तहत नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।

Related Post