Breaking
Thu. Jul 23rd, 2026

विशेष गहन पुनरीक्षण की समीक्षा बैठक, 25 जुलाई तक गणना प्रपत्र जमा करने का निर्देश

चाईबासा: जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त मनीष कुमार की अध्यक्षता में गुरुवार को विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम की प्रगति की समीक्षा के लिए सभी निर्वाचन निबंधन पदाधिकारियों एवं सहायक निर्वाचन निबंधन पदाधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य की प्रगति की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

उपायुक्त ने निर्देश दिया कि जिन मतदाताओं ने अब तक अपना गणना प्रपत्र संबंधित बूथ स्तरीय पदाधिकारी (बीएलओ) के पास जमा नहीं कराया है, वे 25 जुलाई तक हर हाल में अपना प्रपत्र जमा कर दें, ताकि विशेष गहन पुनरीक्षण का कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा किया जा सके। उन्होंने आम मतदाताओं से भी इस अभियान में सक्रिय सहयोग करने की अपील की।

बैठक में अनुपस्थित, स्थानांतरित, मृत एवं दोहरे नाम वाले मतदाताओं से संबंधित मामलों का दोबारा सत्यापन कर निर्धारित मानकों के अनुसार कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया, ताकि निर्वाचक नामावली पूरी तरह शुद्ध और अद्यतन बनाई जा सके।

मनीष कुमार ने सभी संबंधित अधिकारियों को अगले दिन तक गणना प्रपत्रों के शत-प्रतिशत डिजिटलीकरण का कार्य पूरा करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही या अनावश्यक विलंब स्वीकार नहीं किया जाएगा।

उपायुक्त ने सभी निर्वाचन निबंधन पदाधिकारियों और सहायक निर्वाचन निबंधन पदाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र में विशेष गहन पुनरीक्षण कार्य की नियमित निगरानी करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी लगातार क्षेत्र का भ्रमण करें, प्रतिदिन कार्यों की समीक्षा करें तथा लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करें, ताकि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान समयबद्ध, पारदर्शी और त्रुटिरहित तरीके से सफलतापूर्वक पूरा किया जा सके।

Related Post