जमशेदपुर: बागबेड़ा थाना क्षेत्र के डीबी रोड पर गुरुवार सुबह हुए भीषण सड़क हादसे के बाद पीड़ित परिवारों का आक्रोश बढ़ता जा रहा है। गंभीर रूप से घायल चार लोगों का इलाज टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) में चल रहा है। इस बीच परिजनों ने अस्पताल में इलाज के भारी खर्च और पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए विरोध-प्रदर्शन किया।
परिजनों का आरोप है कि एक घायल के इलाज के लिए अस्पताल की ओर से करीब आठ लाख रुपये का बिल बताया गया है, जिसे वहन करना उनके लिए संभव नहीं है। उनका कहना है कि दुर्घटना के बाद परिवार आर्थिक और मानसिक दोनों तरह की कठिनाइयों का सामना कर रहा है।
घटना को लेकर परिजनों ने बागबेड़ा थाना पुलिस की कार्यशैली पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका दावा है कि हादसे के आरोपी चालक की पहचान अरुण के रूप में हो चुकी है, जबकि कार अवधेश नामक व्यक्ति की बताई जा रही है। आरोप है कि दुर्घटना के बाद चालक स्वयं दूसरी गाड़ी से बागबेड़ा थाना पहुंचा था। परिजनों ने उसे पहचान भी लिया, लेकिन इसके बावजूद पुलिस ने न तो उसे हिरासत में लिया और न ही पूछताछ की, जिससे वह थाना परिसर से निकल गया।
इसी बात से नाराज परिजनों और स्थानीय लोगों ने सड़क पर टायर जलाकर विरोध प्रदर्शन किया और आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की। शाम के समय अस्पताल और थाना परिसर में भी बड़ी संख्या में लोग जुटे रहे।
परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि थाना प्रभारी ने उनके साथ दुर्व्यवहार किया और कथित तौर पर उनसे कहा कि आरोपी को स्वयं पकड़कर लाएं। हालांकि, इन आरोपों की पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है और इस संबंध में कोई औपचारिक बयान भी जारी नहीं हुआ है।
गौरतलब है कि गुरुवार सुबह करीब सात बजे तेज रफ्तार और अनियंत्रित कार ने सबसे पहले अपने बच्चों को स्कूल छोड़कर लौट रहे एक टीवीएस एक्सएल सवार को जोरदार टक्कर मार दी। इसके बाद कार बेकाबू होकर तीन अन्य लोगों को भी अपनी चपेट में लेती चली गई। हादसे में कुल चार लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। दुर्घटना के बाद चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया था, जबकि पुलिस ने कार को जब्त कर लिया है।
बागबेड़ा थाना पुलिस का कहना है कि दुर्घटनाग्रस्त वाहन को कब्जे में लेकर मामले की जांच की जा रही है। पुलिस का दावा है कि फरार चालक की तलाश जारी है और उसे जल्द गिरफ्तार कर कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।

