जमशेदपुर। आगामी दुर्गापूजा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने को लेकर जमशेदपुर पूर्वी विधानसभा की विधायक पूर्णिमा साहू ने पूर्वी सिंहभूम के जिला उपायुक्त को पत्र लिखकर शहर में व्यापक नागरिक सुविधाएं सुनिश्चित करने का आग्रह किया है। विधायक ने श्रद्धालुओं की भारी भीड़ और शहर में देर रात तक होने वाले पूजा पंडालों के भ्रमण को देखते हुए जिला प्रशासन, नगर निकायों, पुलिस-प्रशासन और टाटा स्टील एवं अन्य संबंधित प्रबंधनों के बीच बेहतर समन्वय के साथ समयबद्ध तैयारियां पूरी कराने की मांग की है।
इस पत्र में विधायक पूर्णिमा साहू ने कहा कि लौहनगरी जमशेदपुर में दुर्गापूजा का गौरवशाली और विशिष्ट इतिहास रहा है। यह महापर्व केवल धार्मिक आस्था का पर्व नहीं, बल्कि शहर की सांस्कृतिक एकता, सामाजिक समरसता और सामूहिक उल्लास का भी प्रतीक है। पूजा के दौरान शहर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पंडालों एवं मेलों का भ्रमण करते हैं। ऐसे में श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और सुगम आवागमन के लिए आवश्यक व्यवस्थाओं को समय रहते दुरुस्त किया जाना जनहित में जरूरी है।
विधायक ने प्रमुख पूजा पंडालों, मंदिरों, बाजारों एवं संपर्क मार्गों पर नियमित साफ-सफाई, जलजमाव वाले क्षेत्रों एवं नालियों के आसपास एंटी लार्वा केमिकल और ब्लीचिंग पाउडर के छिड़काव समेत पंडालों के समीप गीले और सूखे कचरे के लिए अलग-अलग डस्टबिन की व्यवस्था कराने का आग्रह किया है।
उन्होंने पूजा पंडालों को जोड़ने वाले प्रमुख मार्गों, संपर्क पथों एवं चौराहों के गड्ढों की अविलंब मरम्मत, विशेष ट्रैफिक रूट प्लान, पार्किंग स्थलों एवं नो-एंट्री की समय-सारणी को पहले से सार्वजनिक करने की मांग की। साथ ही, भीड़भाड़ वाले एवं संकीर्ण स्थानों पर बैरिकेडिंग तथा प्रमुख मार्गों और चौराहों पर सीसीटीवी के माध्यम से निगरानी सुनिश्चित करने को कहा है।
पत्र में खुले नालों, नालियों एवं मेनहोल को मजबूत ढक्कन से ढकने, गाद की सफाई कराने और जलजमाव की समस्या से निपटने की भी मांग की गई है। वहीं, पूजा मार्गों पर जर्जर एवं लटकते बिजली के तारों को दुरुस्त करने, स्ट्रीट लाइट एवं हाईमास्ट लाइट की समुचित व्यवस्था और अधिक विद्युत भार वाले संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त ट्रांसफॉर्मर एवं बैकअप की व्यवस्था सुनिश्चित करने का आग्रह किया गया है।
शहर के श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए प्रमुख पूजा पंडालों एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में शुद्ध पेयजल, चलंत शौचालय और 24 घंटे अस्थायी मेडिकल कैंप की व्यवस्था करने की भी मांग की गई है। मेडिकल कैंप में चिकित्सक दल, आवश्यक जीवनरक्षक दवाइयां एवं एंबुलेंस की उपलब्धता सुनिश्चित करने एवं संवेदनशील पूजा मार्गों पर अग्निशमन वाहनों की अग्रिम तैनाती का भी सुझाव दिया गया है।
विसर्जन को लेकर विधायक ने प्रमुख नदी घाटों की साफ-सफाई, समतलीकरण, पर्याप्त रौशनी व्यवस्था एवं मजबूत बैरिकेडिंग कराने के साथ-साथ गोताखोरों, जीवनरक्षक नौकाओं, सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन के माध्यम से निगरानी की पुख्ता व्यवस्था सुनिश्चित करने का आग्रह किया है।
विधायक पूर्णिमा साहू ने जिला प्रशासन से आग्रह किया है कि जनआस्था के इस महापर्व को निर्विघ्न, सुरक्षित एवं गरिमामयी तरीके से संपन्न कराने के लिए सभी संबंधित विभागों एवं कंपनी प्रबंधनों को आवश्यक निर्देश जारी करते हुए तैयारियों की समयबद्ध समीक्षा की जाए।
इस पत्र की प्रतिलिपि वरीय पुलिस अधीक्षक, पूर्वी सिंहभूम, उपविकास आयुक्त, अनुमंडल पदाधिकारी धालभूम, महाप्रबंधक झारखंड विद्युत वितरण निगम लिमिटेड, नगर आयुक्त जेएनएसी, सिविल सर्जन पूर्वी सिंहभूम तथा प्रबंध निदेशक टाटा स्टील यूआईएसएल को भी भेजी गई है।

