आदित्यपुर: सरायकेला-खरसावां जिले के आरआईटी थाना क्षेत्र में रेलवे ट्रैक के समीप एक युवक का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान अमित सरदार के रूप में हुई है, जिसका आपराधिक इतिहास रहा है। उसकी संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत को लेकर हत्या, आत्महत्या अथवा रेल हादसे जैसी विभिन्न आशंकाओं पर पुलिस जांच कर रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार अमित सरदार बुधवार रात अपने घर से निकला था। परिजनों का कहना है कि कुछ लोग उसे बुलाकर अपने साथ ले गए थे, जिसके बाद वह वापस नहीं लौटा। देर रात तक परिवार के लोगों ने उसकी तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला।
गुरुवार सुबह स्थानीय लोगों ने रेलवे ट्रैक के किनारे एक शव पड़े होने की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही आरआईटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव की पहचान अमित सरदार के रूप में की। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।
बताया जा रहा है कि अमित सरदार हाल ही में जेल से रिहा हुआ था और उसके खिलाफ पहले भी कई आपराधिक मामले दर्ज रहे हैं। इस कारण उसकी मौत को लेकर कई तरह की चर्चाएं भी शुरू हो गई हैं। हालांकि पुलिस अभी किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंची है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। मृतक की अंतिम लोकेशन, कॉल डिटेल, घटनास्थल से मिले साक्ष्य और जिन लोगों के साथ वह आखिरी बार देखा गया था, उनकी भी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और वैज्ञानिक जांच के आधार पर ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि अमित सरदार की मौत दुर्घटना, आत्महत्या या किसी आपराधिक वारदात का परिणाम है।

