Breaking
Tue. Sep 22nd, 2026

बाराद्वारी के बंद मकान में लाखों की चोरी, पीछे का दरवाजा तोड़कर नकदी-जेवरात ले उड़े चोर

जमशेदपुर: साकची थाना क्षेत्र के बाराद्वारी स्थित एक बंद मकान में चोरों ने बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। घर के पीछे का दरवाजा तोड़कर अंदर घुसे बदमाशों ने अलमारी का लॉक तोड़ दिया और उसमें रखी करीब तीन लाख रुपये की नकदी तथा लगभग ढाई लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर फरार हो गए। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है।

मिली जानकारी के अनुसार, बाराद्वारी निवासी चौधरी ब्राह्मण नारायण पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए अपने पैतृक गांव गए हुए थे। उनके घर पर ताला लगा हुआ था। वापस लौटने पर उन्होंने देखा कि घर के पीछे का दरवाजा टूटा हुआ है और अंदर का सामान अस्त-व्यस्त पड़ा है। घर की जांच करने पर अलमारी से नकदी और जेवरात गायब मिले, जिसके बाद उन्होंने तत्काल साकची थाना पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है। साथ ही वारदात का सुराग जुटाने के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके।

पीड़ित की शिकायत पर साकची थाना में अज्ञात चोरों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जल्द ही चोरी का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।

Related Post