चाईबासा: रोटरी क्लब चाईबासा का शपथ ग्रहण एवं प्रतिष्ठापन समारोह स्थानीय सनशाइन रेस्टोरेंट में आयोजित किया गया। समारोह में रोटरी मंडल 3250 के आगामी डिस्ट्रिक्ट गवर्नर मुकेश तनेजा ने मुख्य अतिथि एवं प्रतिष्ठापन अधिकारी के रूप में नई कार्यकारिणी को शपथ दिलाई। उन्होंने अमित पोद्दार को अध्यक्ष और सौरभ प्रसाद को सचिव पद की शपथ दिलाकर पदभार ग्रहण कराया।
मुख्य अतिथि मुकेश तनेजा ने कहा कि समाजसेवा के साथ नेतृत्व क्षमता का विकास रोटरी की मूल पहचान है। उन्होंने कहा कि निर्णय लेने की स्वतंत्रता से ही नेतृत्व विकसित होता है और रोटरी हर सदस्य को निर्णय लेने का अवसर देने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने रोटरी क्लब चाईबासा की सक्रियता और युवा शक्ति की सराहना करते हुए कहा कि क्लब किसी भी सेवा कार्य को सफलतापूर्वक करने में सक्षम है।
कार्यक्रम में जोन-4 के सह राजपाल प्रमोद दुबे भी मौजूद रहे। उन्होंने भी सभा को संबोधित करते हुए नई टीम को शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों के स्वागत, दीप प्रज्ज्वलन और गणेश वंदना से हुई। गणेश वंदना देवजानी दे ने प्रस्तुत की। मुख्य अतिथि का परिचय सुशील मूंधड़ा तथा प्रमोद दुबे का परिचय श्रेय साव ने कराया।
निवर्तमान अध्यक्ष विकास दोदराजका ने स्वागत भाषण देते हुए पिछले सत्र की गतिविधियों और उपलब्धियों की जानकारी दी। इस दौरान क्लब के कार्यों में सहयोग देने वाले सदस्यों को सम्मानित किया गया। हस्तलेखन, वैदिक गणित एवं एबाकस लर्निंग की शिक्षिकाओं, टाटा लर्निंग केंद्र के संचालकों, बस स्टैंड जलमीनार में सहयोग के लिए बस ऑनर एसोसिएशन तथा क्लब की गतिविधियों को प्रमुखता से प्रकाशित करने वाले मीडिया कर्मियों को भी सम्मानित किया गया।
समारोह में अनिल कुमार महतो और विवेक शर्मा को रोटरी क्लब की सदस्यता दिलाई गई।
अमित पोद्दार का परिचय आयुष दोदराजका ने कराया। अध्यक्ष बनने के बाद अमित पोद्दार ने नई कार्यकारिणी की घोषणा की। इसमें कविता शर्मा को उपाध्यक्ष, विनय लोधा को सह सचिव, कुणाल साव को कोषाध्यक्ष, संजय गुप्ता को सर्जेंट एट आर्म्स, निरंजन प्रसाद साव को क्लब प्रशिक्षण, मदन लाल गुप्ता को क्लब मार्गदर्शक, हीना ठक्कर को पत्रिका संपादक तथा हर्ष राज मिश्रा को तकनीकी अधिकारी बनाया गया।
क्लब के निदेशकों में वीणा मूंधड़ा को क्लब एडमिनिस्ट्रेशन, अशोक गुप्ता को सदस्यता, महेश खत्री को सर्विस प्रोजेक्ट, गुरमुख सिंह खोखर को पब्लिक रिलेशन, सुनीत खिरवाल को रोटरी फाउंडेशन, अनिल शर्मा को पर्यावरण, सुशील मूंधड़ा को चाइल्ड वेलफेयर, दुर्गेश खत्री को अंतरराष्ट्रीय संबंध तथा मदन लाल गुप्ता को यूथ सर्विस की जिम्मेदारी सौंपी गई।
कार्यक्रम में विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने नई कार्यकारिणी को शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर रोटरेक्ट मंडल प्रतिनिधि सदाशिव खत्री का भी सम्मान किया गया।
कार्यक्रम का संचालन कविता शर्मा ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन गुरमुख सिंह खोखर ने किया। समारोह में विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधि, शहर के गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में मीडिया प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

