Breaking
Tue. Sep 15th, 2026

एमजीएम अस्पताल की व्यवस्था पर भाजपा का हमला, हेमंत सरकार से पूछा—‘यही है सुशासन का सच?’

जमशेदपुर। जमशेदपुर के एमजीएम अस्पताल की स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर झारखंड भाजपा ने हेमंत सोरेन सरकार पर राजनीतिक हमला बोला है। भाजपा ने मंगलवार को अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर एक पोस्ट जारी कर अस्पताल की कथित बदहाल व्यवस्था को लेकर राज्य सरकार पर सवाल उठाए हैं। भाजपा की ओर से जारी पोस्ट में एक समाचार पत्र की कटिंग के साथ एआई से तैयार तस्वीर का इस्तेमाल किया गया है, जिसके जरिए अस्पताल की व्यवस्था को लेकर सरकार पर निशाना साधा गया है।

भाजपा ने पोस्ट में दावा किया है कि एमजीएम अस्पताल में 13 वर्षीय गंभीर रूप से बीमार बच्ची भारती कुमारी को इमरजेंसी वार्ड तक पहुंचाने के लिए उसके परिजन करीब 10 मिनट तक स्ट्रेचर और व्हीलचेयर तलाशते रहे, लेकिन उन्हें दोनों में से कोई सुविधा उपलब्ध नहीं हुई। इसके बाद कथित तौर पर दो महिलाओं को बच्ची को उठाकर इमरजेंसी वार्ड तक ले जाना पड़ा।

इस घटना को आधार बनाते हुए भाजपा ने हेमंत सोरेन सरकार की स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल उठाया है। पार्टी ने आरोप लगाया कि सरकारी अस्पताल में मरीजों को बेहतर इलाज और जरूरी आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के दावे किए जाते हैं, लेकिन जमीनी स्थिति इसके विपरीत दिखाई देती है। भाजपा ने पोस्ट के जरिए सरकार की स्वास्थ्य व्यवस्था को कटघरे में खड़ा करते हुए इसे ‘सुशासन का सच’ करार दिया।

भाजपा के इस राजनीतिक हमले के बाद एमजीएम अस्पताल की व्यवस्थाओं को लेकर एक बार फिर सियासत गरमाने के संकेत हैं। विपक्ष पहले भी राज्य के सरकारी अस्पतालों में संसाधनों, चिकित्सकों और मरीजों को मिलने वाली सुविधाओं को लेकर सरकार पर सवाल उठाता रहा है। हालांकि, भाजपा के आरोपों पर राज्य सरकार या अस्पताल प्रबंधन की ओर से तत्काल कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

Related Post