Breaking
Wed. Oct 28th, 2026

चारपाई पर सो रही छह वर्षीय बच्ची को सांप ने डंसा, इलाज के दौरान मौत

सरायकेला। सरायकेला थाना क्षेत्र के टेंटोपोसी गांव में मंगलवार की अहले सुबह सर्पदंश से छह वर्षीय बच्ची की मौत हो गई। मृतका की पहचान टेंटोपोसी निवासी गणेश महतो की छह वर्षीय पुत्री पूर्वी महतो के रूप में हुई है। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया है, वहीं मासूम की मौत से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।

जानकारी के अनुसार, पूर्वी महतो सोमवार की रात अपनी मां के साथ चारपाई पर सोई हुई थी। मंगलवार की सुबह करीब तीन बजे अचानक बच्ची की नींद खुली और वह रोने लगी। उसने परिजनों को बताया कि उसे किसी चीज ने काट लिया है। बच्ची की बात सुनकर परिजनों ने तत्काल टॉर्च जलाकर चारपाई की जांच की तो वहां एक चित्तीदार सांप दिखाई दिया। इसके बाद परिजनों ने सांप को मार दिया।

सर्पदंश की आशंका को देखते हुए परिजन बिना देर किए बच्ची को इलाज के लिए सदर अस्पताल सरायकेला लेकर पहुंचे। अस्पताल में चिकित्सकों ने बच्ची का उपचार शुरू किया, लेकिन उसकी हालत गंभीर होने के कारण उसे बचाया नहीं जा सका और इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

छह वर्षीय पूर्वी की मौत की खबर मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। मासूम की असमय मौत से गांव के लोग भी गमगीन हैं। घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल बना हुआ है।

Related Post