Breaking
Thu. Jul 16th, 2026

24 किमी लंबी फुलडुंगरी-झाटीझरना सड़क का हुआ भूमि पूजन, घाटशिला क्षेत्र के विकास को मिलेगी नई रफ्तार

जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम जिले के घाटशिला अनुमंडल के लोगों की लंबे समय से चली आ रही बहुप्रतीक्षित मांग गुरुवार को पूरी होने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बढ़ा। फुलडुंगरी स्थित राष्ट्रीय राजमार्ग-18 (एनएच-18) से बुरूडीह होते हुए झाटीझरना तक प्रस्तावित 24.01 किलोमीटर लंबी सड़क निर्माण परियोजना का विधिवत भूमि पूजन किया गया। भूमि पूजन समारोह में बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण, जनप्रतिनिधि और विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

सड़क निर्माण कार्य का शुभारंभ सांसद विद्युत वरण महतो और विधायक सोमेश्वर (सोमेश) चंद्र सोरेन ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भूमि पूजन कर किया। इस दौरान दोनों जनप्रतिनिधियों ने कहा कि यह सड़क क्षेत्र के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण परियोजना साबित होगी। सड़क बनने से ग्रामीण क्षेत्रों की बेहतर कनेक्टिविटी सुनिश्चित होगी और लोगों को आवागमन में काफी सुविधा मिलेगी।

करीब 24.01 किलोमीटर लंबी यह सड़क फुलडुंगरी एनएच-18 को बुरूडीह के रास्ते झाटीझरना से जोड़ेगी। सड़क के निर्माण से घाटशिला और आसपास के दर्जनों गांवों के लोगों को सीधा लाभ मिलेगा। किसानों को अपनी कृषि उपज बाजार तक पहुंचाने में आसानी होगी, वहीं विद्यार्थियों को स्कूल और कॉलेज आने-जाने में कम समय लगेगा। इसके अलावा गंभीर रूप से बीमार मरीजों को अस्पताल पहुंचाने में भी समय की बचत होगी, जिससे स्वास्थ्य सेवाएं और अधिक सुलभ बनेंगी।

स्थानीय लोगों का कहना है कि वर्षों से इस सड़क की मांग की जा रही थी। बरसात के दिनों में खराब सड़क के कारण आवागमन प्रभावित होता था और लोगों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। अब सड़क निर्माण शुरू होने से क्षेत्र में विकास की नई उम्मीद जगी है।

भूमि पूजन समारोह के दौरान ग्रामीणों ने सांसद और विधायक का फूल-मालाओं से स्वागत किया तथा सड़क निर्माण कार्य शुरू होने पर खुशी जताते हुए जनप्रतिनिधियों के प्रति आभार व्यक्त किया। लोगों ने उम्मीद जताई कि परियोजना का निर्माण कार्य तय समय सीमा में पूरा होगा, जिससे क्षेत्र के सामाजिक और आर्थिक विकास को नई गति मिलेगी।

Related Post