Breaking
Thu. Jul 16th, 2026

चाईबासा में धूमधाम से निकली भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा, श्रद्धालुओं ने किया पूजन-अर्चन

चाईबासा: भगवान जगन्नाथ की वार्षिक रथ यात्रा गुरुवार को चाईबासा शहर में श्रद्धा और उत्साह के साथ निकाली गई। रथ यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए और पूरे मार्ग में भगवान जगन्नाथ के जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना रहा। जगह-जगह श्रद्धालुओं ने रथ को रोककर भगवान जगन्नाथ, भाई बलराम और बहन सुभद्रा की पूजा-अर्चना की तथा सुख-समृद्धि की कामना की।

रथ यात्रा की शुरुआत सदर बाजार स्थित जगन्नाथ मंदिर से हुई। यहां वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच भगवान जगन्नाथ, भाई बलराम और बहन सुभद्रा की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई। इसके बाद तीनों विग्रहों को सुसज्जित रथ पर विराजमान कर यात्रा के लिए रवाना किया गया। यात्रा के दौरान श्रद्धालु भजन-कीर्तन करते हुए भगवान के जयकारे लगा रहे थे।

रथ यात्रा सदर बाजार स्थित जगन्नाथ मंदिर से निकलकर सदर बाजार, अमला टोला, सदर थाना मोहल्ला, पोस्ट ऑफिस, नीमड़ीह चौक सहित शहर के विभिन्न मार्गों से होकर गुजरी। पूरे मार्ग में श्रद्धालुओं ने भगवान के दर्शन किए और रथ की पूजा की। कई स्थानों पर श्रद्धालुओं ने पुष्प अर्पित कर भगवान का स्वागत किया।

यात्रा का समापन भगवान दुर्गा मंदिर स्थित मौसीबाड़ी में हुआ, जहां भगवान जगन्नाथ, बलराम और सुभद्रा को विधिवत विराजमान कराया गया। इस अवसर पर श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण भी किया गया। बड़ी संख्या में महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों ने भी रथ यात्रा में भाग लेकर भगवान का आशीर्वाद प्राप्त किया।

रथ यात्रा के दौरान नगर पालिका अध्यक्ष नितिन प्रकाश और शहर के उद्योगपति एवं समाजसेवी मुकुंद रूंगटा ने भगवान जगन्नाथ के दर्शन किए तथा पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।

पूरे आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं में उत्साह देखने को मिला। रथ यात्रा के मार्ग पर भक्तों की भीड़ लगी रही और धार्मिक माहौल बना रहा। आयोजन समिति की ओर से श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की गई थीं। श्रद्धालुओं ने भगवान जगन्नाथ के दर्शन कर अपने परिवार की खुशहाली और प्रदेश की उन्नति की प्रार्थना की।

Related Post