चाईबासा: शहर के आमला टोला स्थित एक्सिस बैंक के समीप गुरुवार को एक अज्ञात एवं असहाय महिला घायल अवस्था में मिली। महिला कुछ भी बोलने में असमर्थ थी और उसके पैरों में जंजीर बंधी हुई थी, जिसमें ताला भी लगा हुआ था। आशंका जताई जा रही है कि वह किसी अन्य स्थान से भटककर चाईबासा पहुंची है।
इसी दौरान वहां से गुजर रहे कांग्रेस जिला प्रवक्ता एवं सामाजिक कार्यकर्ता त्रिशानु राय की नजर महिला पर पड़ी। महिला की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्होंने तत्काल सदर अनुमंडल पदाधिकारी संजय कुमार को मामले की जानकारी दी और महिला के उपचार, सुरक्षा तथा आवश्यक सहायता के लिए हस्तक्षेप करने का अनुरोध किया।
सूचना मिलते ही अनुमंडल पदाधिकारी संजय कुमार ने त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद सदर थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और महिला को सुरक्षित रूप से सदर अस्पताल, चाईबासा पहुंचाया। अस्पताल में चिकित्सकों की निगरानी में महिला का उपचार जारी है। साथ ही उसकी पहचान स्थापित करने का प्रयास भी किया जा रहा है।
इस संबंध में त्रिशानु राय ने कहा कि किसी भी असहाय, बेसहारा और जरूरतमंद व्यक्ति की सहायता करना केवल प्रशासन ही नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक नागरिक का भी नैतिक दायित्व है।

