Breaking
Thu. Jul 9th, 2026

प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के 10 वर्ष पूर्ण, गर्भवती महिलाओं की हुई नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच

चाईबासा: स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय द्वारा संचालित प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान (PMSMA) के 10 वर्ष पूरे होने के अवसर पर गुरुवार को गर्भवती महिलाओं के लिए विशेष स्वास्थ्य जांच एवं परामर्श शिविर का आयोजन किया गया। इस दौरान गर्भवती महिलाओं की नि:शुल्क प्रसवपूर्व जांच की गई तथा उन्हें सुरक्षित मातृत्व से जुड़ी आवश्यक जानकारी दी गई।

कार्यक्रम में बताया गया कि प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान की शुरुआत 9 जून 2016 को हुई थी। इस योजना के तहत प्रत्येक माह की 9 तारीख को सरकारी अस्पतालों में गर्भवती महिलाओं की स्त्री रोग विशेषज्ञों द्वारा नि:शुल्क और व्यापक प्रसवपूर्व जांच की जाती है। साथ ही आवश्यकता के अनुसार अल्ट्रासाउंड सहित अन्य जरूरी जांच एवं स्वास्थ्य परामर्श भी उपलब्ध कराया जाता है।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रखंड प्रमुख सिद्धार्थ होनहागा ने सभी गर्भवती महिलाओं से समय-समय पर नजदीकी सरकारी अस्पताल में जाकर नियमित स्वास्थ्य जांच कराने, चिकित्सकों की सलाह के अनुसार दवाइयों का सेवन करने तथा प्रसव पीड़ा या अन्य किसी प्रकार की परेशानी होने पर तुरंत डॉक्टर से संपर्क करने की अपील की।

इस अवसर पर गर्भवती महिलाओं को फल वितरित कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के अंत में प्रखंड प्रमुख सिद्धार्थ होनहागा ने सभी गर्भवती महिलाओं को सुरक्षित मातृत्व की शुभकामनाएं देते हुए स्वस्थ मां और स्वस्थ शिशु के लिए नियमित जांच कराने का संदेश दिया।

Related Post