Breaking
Wed. Jul 8th, 2026

कोडरमा घाटी में भीषण सड़क हादसा, ट्रेलर से टकराया दूध टैंकर; चालक-उपचालक की मौत

कोडरमा। जिला के कोडरमा घाटी के मेघातरी क्षेत्र में बीते देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में दूध से लदे टैंकर के चालक और उपचालक की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब बिहार की ओर जा रहा दूध टैंकर आगे चल रहे एक ट्रेलर से पीछे से जा टकराया। टक्कर इतनी भीषण थी कि टैंकर का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक व उपचालक केबिन में बुरी तरह फंस गए।

मृतकों की पहचान बिहार के जमुई जिले के खैरा थाना क्षेत्र अंतर्गत झंडो गांव निवासी सिंटू कुमार (पिता- श्याम सिंह) तथा निलेश कुमार के रूप में हुई है। दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए थे।

हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई और राष्ट्रीय राजमार्ग पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। सूचना मिलते ही कोडरमा थाना की पेट्रोलिंग टीम और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। काफी मशक्कत के बाद गैस कटर व अन्य उपकरणों की मदद से दोनों को क्षतिग्रस्त केबिन से बाहर निकालकर सदर अस्पताल, कोडरमा भेजा गया, जहां इलाज के दौरान दोनों ने दम तोड़ दिया।

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने मंगलवार को दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। वहीं दुर्घटनाग्रस्त टैंकर और ट्रेलर को हटाकर यातायात सामान्य कराया गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

प्रारंभिक तौर पर माना जा रहा है कि तेज रफ्तार या पर्याप्त दूरी नहीं बनाए रखने के कारण टैंकर आगे चल रहे ट्रेलर से टकरा गया। हालांकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा।

Related Post