चाईबासा: कांग्रेस भवन चाईबासा में रविवार को युवा कांग्रेस की जिला कार्यकारिणी की बैठक जिलाध्यक्ष प्रीतम बांकिरा की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में संगठन को मजबूत करने के साथ 26 सितंबर को प्रस्तावित लोक भवन घेराव कार्यक्रम को लेकर चर्चा की गई।
बैठक में युवा कांग्रेस की ओर से श्री राम मंदिर चंदा चोरी के आरोप और MMDR बिल के विरोध में आयोजित लोक भवन घेराव में पश्चिमी सिंहभूम जिले के सभी प्रखंडों से युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने का निर्णय लिया गया। जिलाध्यक्ष प्रीतम बांकिरा ने कहा कि जिले के विभिन्न प्रखंडों से सैकड़ों युवा कार्यक्रम में शामिल होंगे और केंद्र सरकार के खिलाफ अपनी आवाज उठाएंगे।
प्रीतम बांकिरा ने कहा कि आने वाले दिनों में जिले के सभी प्रखंडों का दौरा कर संगठन को मजबूत करने के लिए कार्यक्रम तय किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आगामी पंचायत चुनाव को देखते हुए क्षेत्र में राजनीतिक रूप से सक्रिय युवाओं से संवाद किया जाएगा और चुनाव में अधिक से अधिक युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने का प्रयास किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि जिले के सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर और कंटेंट क्रिएटर के साथ भी कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसके माध्यम से जिले की प्रमुख समस्याओं को सोशल मीडिया के जरिए सरकार तक पहुंचाने और उनके समाधान के लिए प्रयास किया जाएगा।
बैठक में जिला प्रवक्ता त्रिशानु राय, जिला महासचिव राजीव बोयपाई, विधानसभा अध्यक्ष प्रतीक कुमार तथा प्रस्तावित जिला कमेटी के पदाधिकारी सन्नी रॉबर्ट अंथोनी, ज्योती मुंडरी, सागर बोस और जस्टिन पुरती उपस्थित रहे।

