Breaking
Tue. Sep 8th, 2026

*सूरजमल जैन डीएवी पब्लिक स्कूल में जिला विधिक जागरूकता कार्यक्रम*

चाईबासा: स्थानीय सूरजमल जैन डीएवी पब्लिक स्कूल, चाईबासा में मंगलवार को जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डालसा) की ओर से विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकार के प्रतिनिधि सुरेश प्रसाद दास अपने सहयोगियों के साथ उपस्थित हुए। उन्होंने विद्यार्थियों को उनके कानूनी अधिकारों, कर्तव्यों और उपलब्ध विधिक सेवाओं की जानकारी दी।

विद्यालय के प्राचार्य-सह-एआरओ ओ.पी. मिश्रा ने डालसा के सदस्यों का परिचय कराया। उन्होंने कहा कि जिला विधिक सेवा प्राधिकार समाज के विभिन्न कानूनी मामलों के समाधान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। साथ ही जरूरतमंद लोगों को निःशुल्क कानूनी सहायता उपलब्ध कराता है।

डालसा प्रतिनिधि सुरेश प्रसाद दास ने विद्यार्थियों को हेल्पलाइन नंबर 15100 और 1098 चाइल्ड हेल्पलाइन की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि किसी भी कानूनी समस्या, शोषण या कठिन परिस्थिति में बच्चे इन हेल्पलाइन नंबरों के माध्यम से सहायता प्राप्त कर सकते हैं।

उन्होंने विद्यार्थियों को नागरिक शास्त्र में वर्णित संविधान के अनुच्छेद 12 से 32 तक के मौलिक अधिकारों का अध्ययन करने के लिए प्रेरित किया। विशेष रूप से शिक्षा के अधिकार के महत्व पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने कहा कि प्रत्येक बच्चे को शिक्षा प्राप्त करने का अधिकार है। उन्होंने बताया कि जिला विधिक सेवा प्राधिकार बच्चों समेत जरूरतमंद लोगों को निःशुल्क कानूनी सलाह और सहायता उपलब्ध कराता है।

कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को उनके अधिकारों, कर्तव्यों तथा कानूनी सहायता के प्रति जागरूक करना था। विद्यार्थियों ने कार्यक्रम में रुचिपूर्वक भाग लिया और विभिन्न कानूनी प्रावधानों एवं उपलब्ध सेवाओं की जानकारी प्राप्त की।

Related Post