Breaking
Wed. Sep 2nd, 2026

*संत जेवियर विद्यालयों के रास्ते पर आधा झुका पेड़, हादसे की आशंका, प्रशासन से कार्रवाई की मांग*

चाईबासा: पश्चिम सिंहभूम जिले के सदर चाईबासा क्षेत्र में संत जेवियर बालक विद्यालय के समीप आंधी-तूफान में करीब तीन-चार महीने पहले आधा गिरा पेड़ अब भी हादसे को आमंत्रण दे रहा है। पेड़ के लंबे समय से सड़क की ओर झुके रहने के बावजूद संबंधित विभाग की ओर से अब तक इसे हटाने की कार्रवाई नहीं किए जाने से विद्यालय जाने वाले विद्यार्थियों और आम लोगों में डर का माहौल है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, उक्त रास्ते से संत जेवियर बालक विद्यालय, संत जेवियर बालिका विद्यालय और संत जेवियर लुपुंगगुटू विद्यालय जाने वाले हजारों विद्यार्थी एवं अन्य लोग प्रतिदिन आवागमन करते हैं। ऐसे में सड़क के किनारे आधा गिरा पेड़ कभी भी पूरी तरह गिर सकता है, जिससे बड़ी दुर्घटना की आशंका बनी हुई है।

पश्चिम सिंहभूम प्रमुख संघ के जिला अध्यक्ष सिद्धार्थ होनहागा ने कहा कि पेड़ की स्थिति को लेकर पहले भी सोशल मीडिया और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के माध्यम से जिला प्रशासन एवं वन विभाग का ध्यान आकृष्ट कराया गया था। इसके बावजूद अब तक संबंधित अधिकारियों और रेंज ऑफिसर की ओर से मामले में कोई ठोस पहल नहीं की गई है।

उन्होंने जिला प्रशासन और वन विभाग से तत्काल मामले का संज्ञान लेते हुए पेड़ को हटाने की मांग की है, ताकि विद्यार्थियों और आम राहगीरों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।

पेड़ की स्थिति का निरीक्षण 3 सितंबर को सुबह 8 बजे पश्चिम सिंहभूम प्रमुख संघ के जिला अध्यक्ष सिद्धार्थ होनहागा, चाईबासा की जिला परिषद सदस्य राजश्री बानरा और सदर प्रखंड की प्रमुख मंजू देवगम द्वारा किया जाएगा। इस दौरान प्रेस, इलेक्ट्रॉनिक मीडिया और सोशल मीडिया प्रतिनिधियों से भी मौके पर पहुंचकर मामले को सामने लाने की अपील की गई है।

Related Post