जमशेदपुर में हाल ही में आयोजित परीक्षा के शांतिपूर्ण और सफल संचालन को लेकर सिख समाज आंदोलन समिति एवं झारखंड सिख कोऑर्डिनेशन कमेटी ने जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन की सराहना की है. समिति के अध्यक्ष सरदार अवतार सिंह भाटिया ने कहा कि प्रशासन की बेहतर व्यवस्था और सक्रियता के कारण इतनी बड़ी परीक्षा बिना किसी बड़ी अव्यवस्था के संपन्न हुई.
उन्होंने कहा कि परीक्षा में शामिल होने के लिए झारखंड के विभिन्न जिलों के अलावा बिहार के कई जिलों और पड़ोसी राज्य ओडिशा से हजारों परीक्षार्थी जमशेदपुर पहुंचे थे. इनमें ओडिशा-आंध्र प्रदेश सीमा के पास स्थित ब्रह्मपुर से भी बड़ी संख्या में अभ्यर्थी आए थे. कई महिलाएं अपने एक से पांच साल तक के छोटे बच्चों को गोद में लेकर परीक्षा देने पहुंचीं. वहीं, कुछ दिव्यांग परीक्षार्थी बैसाखी के सहारे परीक्षा केंद्रों तक पहुंचे.
सरदार भाटिया ने कहा कि पिछली बार सहायक प्रोफेसर सहित अन्य परीक्षाओं के दौरान शहर में करीब 11 घंटे तक जाम की स्थिति बनी रही थी. इससे परीक्षार्थियों के साथ-साथ आम लोगों को भी काफी परेशानी हुई थी. लेकिन इस बार प्रशासन की मुस्तैदी के कारण जाम की स्थिति करीब दो से ढाई घंटे तक ही रही. छठ और दीपावली की खरीदारी के कारण बाजारों में पहले से ही काफी भीड़ थी. इसके बावजूद प्रशासन ने यातायात व्यवस्था को बेहतर ढंग से संभाला.
उन्होंने बताया कि परीक्षा से पहले सिख समाज आंदोलन समिति और झारखंड सिख कोऑर्डिनेशन कमेटी की ओर से जिला प्रशासन से मांग की गई थी कि धार्मिक स्थलों के नाम पर चलने वाले सरकारी मान्यता प्राप्त एवं अनुदान प्राप्त स्कूलों के प्रबंधकों को परीक्षा केंद्रों के आसपास नहीं आने दिया जाए. समिति को खुशी है कि प्रशासन ने इस मांग पर गंभीरता से ध्यान दिया और परीक्षा के दौरान परीक्षा केंद्रों के आसपास किसी भी स्कूल प्रबंधक की गतिविधि नजर नहीं आई.
इस दौरान परीक्षार्थियों के रहने और खाने-पीने की व्यवस्था में भी शहर के लोगों ने बढ़-चढ़कर सहयोग किया. झारखंड सिख कोऑर्डिनेशन कमेटी के महासचिव एवं मानगो गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के प्रधान सरदार बलजीत सिंह ने 300 से अधिक परीक्षार्थियों के लिए निःशुल्क ठहरने की व्यवस्था कराई. इसके अलावा कई धार्मिक स्थलों और मस्जिदों के हॉल में भी परीक्षार्थियों के ठहरने का इंतजाम किया गया. धार्मिक स्थलों की मर्यादा और पवित्रता का ध्यान रखते हुए की गई इस पहल को समिति ने जमशेदपुर की सामाजिक एकता और सहयोग की मिसाल बताया.
सरदार अवतार सिंह भाटिया ने कहा कि इतनी बड़ी संख्या में परीक्षार्थियों के पहुंचने के बावजूद परीक्षा का शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न होना जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन के बेहतर तालमेल और व्यवस्था का परिणाम है.
अंत में सिख समाज आंदोलन समिति एवं झारखंड सिख कोऑर्डिनेशन कमेटी की ओर से जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन के सभी अधिकारियों एवं कर्मियों के प्रति आभार जताते हुए उन्हें सफल आयोजन के लिए बधाई दी गई.
सरदार अवतार सिंह भाटिया अध्यक्ष, सिख समाज आंदोलन समिति सीनियर एडवाइजर, झारखंड सिख कोऑर्डिनेशन कमेटी, जमशेदपुर

