Breaking
Tue. Nov 3rd, 2026

पोटका के स्कूलों में विद्यार्थियों को दी गई कानूनी अधिकारों की जानकारी, बाल अपराधों से बचाव के बताए उपाय

जमशेदपुर। पूर्वी सिंहभूम जिले के पोटका प्रखंड में विद्यार्थियों को उनके कानूनी अधिकारों और सुरक्षा से जुड़े प्रावधानों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डालसा), जमशेदपुर की ओर से विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह डालसा अध्यक्ष अरविंद कुमार पांडे के निर्देश तथा डालसा सचिव कुमार सौरभ त्रिपाठी के मार्गदर्शन में धीरौल पंचायत के मध्य विद्यालय धीरौल और उत्क्रमित मध्य विद्यालय बागों में यह कार्यक्रम संपन्न हुआ।

इस दौरान डालसा के एलएडीसी अंकित कुमार ने विद्यार्थियों को जिला विधिक सेवा प्राधिकार की स्थापना, कार्यप्रणाली और उद्देश्यों की जानकारी दी। उन्होंने बच्चों को गुड टच-बैड टच, शिक्षा का अधिकार, पॉक्सो एक्ट, बाल विवाह, बाल मजदूरी और मानव तस्करी जैसे गंभीर विषयों के प्रति जागरूक किया। इसके अलावा साइबर अपराध, नशामुक्ति, घरेलू हिंसा तथा आपदा एवं दुर्घटना से प्रभावित परिवारों को मिलने वाली पीड़ित मुआवजा योजना के बारे में भी विस्तार से बताया।

कार्यक्रम में शिशु परियोजना के तहत स्पॉन्सरशिप और फोस्टर केयर की व्यवस्था की जानकारी भी साझा की गई। अंकित कुमार ने विद्यार्थियों को जरूरत पड़ने पर सहायता प्राप्त करने के लिए विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों से अवगत कराया। इनमें कानूनी सहायता के लिए 15100, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, पुलिस सेवा 100 एवं 112, महिला सुरक्षा हेल्पलाइन 181 और साइबर अपराध की शिकायत के लिए 1930 शामिल हैं।

कार्यक्रम में डालसा के अंकित कुमार, पीएलवी सह अधिकार मित्र सुजय दत्ता, बालेश्वर दास, पोटका से पीएलवी चयन कुमार मंडल, डोबो चकिया, छाकु माझी, ज्योत्सना गोप, कुरूमीता मुर्मू, सबिता सोरेन और गौतम सरदार सहित अन्य लोग उपस्थित थे।

Related Post