चाईबासा: पश्चिम सिंहभूम जिले के गुवा फैब्रिकेशन बस्ती निवासी 13 वर्षीय पवन पान रविवार शाम नदी में बह गया। पवन गुवा स्थित डीएवी स्कूल का छात्र है। घटना के बाद से परिजन, स्थानीय ग्रामीण और प्रशासन की टीम उसकी तलाश में जुटी हुई है। सोमवार को भी नदी और आसपास के क्षेत्रों में खोज अभियान जारी रहा, लेकिन देर शाम तक पवन का कोई पता नहीं चल सका।
जानकारी के अनुसार रविवार शाम करीब चार बजे पवन पान घर से ट्यूशन जाने की बात कहकर बैग लेकर निकला था। घर से निकलने के बाद उसने अपना बैग एक दोस्त के घर रख दिया। इसके बाद वह दो दोस्तों के साथ नदी की ओर खेलने चला गया। इसी दौरान नदी के पास खेलते समय पवन अचानक नदी में बह गया।
घटना के बाद उसके दोनों दोस्त बस्ती में पहुंचे और परिजनों को इसकी जानकारी दी। सूचना मिलते ही परिवार के लोग और ग्रामीण नदी की ओर पहुंचे तथा अपने स्तर से पवन की तलाश शुरू कर दी। इसके बाद घटना की जानकारी प्रशासन को दी गई।
सूचना मिलने पर प्रशासन की टीम भी मौके पर पहुंची और रविवार से ही खोजबीन शुरू कर दी। नदी के किनारे और आसपास के संभावित स्थानों पर देर रात तक तलाश की गई, लेकिन पवन का कोई सुराग नहीं मिला।
सोमवार सुबह एक बार फिर ग्रामीणों, परिजनों और प्रशासन की टीम ने बड़े स्तर पर खोज अभियान शुरू किया। नदी के किनारे विभिन्न स्थानों के साथ आसपास के क्षेत्रों में भी पवन की तलाश की गई। प्रशासन की टीम ने भी अपने स्तर से खोजबीन की। स्थानीय लोग भी परिवार के साथ मिलकर नदी के आसपास संभावित स्थानों पर उसकी तलाश में जुटे रहे।
पवन के नदी में बहने की सूचना के बाद परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजन लगातार उसकी सुरक्षित बरामदगी की उम्मीद लगाए हुए हैं। वहीं घटना के बाद फैब्रिकेशन बस्ती में भी चिंता का माहौल है। ग्रामीण भी खोज अभियान में सहयोग कर रहे हैं और पवन के जल्द मिलने की उम्मीद कर रहे हैं।
प्रशासन की ओर से नदी और आसपास के क्षेत्रों में खोजबीन जारी रखी गई है। सोमवार देर शाम तक पवन का पता नहीं चल पाया था।

