चाईबासा: स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर पश्चिम सिंहभूम जिले के जगन्नाथपुर प्रखंड के मालुका पंचायत अंतर्गत जिंतुगाड़ा बान्दासाई में आयोजित दो दिवसीय फुटबॉल प्रतियोगिता का समापन सोमवार को हुआ। समापन समारोह में जगन्नाथपुर विधायक सह उप मुख्य सचेतक सोनाराम सिंकु मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। आयोजन समिति के सदस्यों ने बुके देकर उनका स्वागत किया।
समापन समारोह में मुख्य अतिथि जगन्नाथपुर विधायक सोनाराम सिंकु, विशिष्ट अतिथि जगदीश सिंकु और अभिषेक सिंकु तथा सम्मानित अतिथि समाजसेवी विजय गुप्ता और जगन्नाथपुर थाना प्रभारी टींकू दास ने खिलाड़ियों के बीच पुरस्कारों का वितरण किया। प्रतियोगिता में सामान्य वर्ग के साथ 40 प्लस आयु वर्ग की टीमों ने भी हिस्सा लिया।
40 प्लस वर्ग में सोना एफसी ने विजेता का खिताब हासिल किया। विजेता टीम को खस्सी और 2000 रुपये नकद पुरस्कार दिया गया। उपविजेता सिंकु स्पोर्टिंग को खस्सी और 1000 रुपये नकद पुरस्कार मिला।
मुख्य वर्ग में जगन्नाथपुर एफसी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पहला स्थान हासिल किया। विजेता टीम को 35 हजार रुपये नकद, खस्सी, जर्सी और फुटबॉल देकर सम्मानित किया गया। दिपांशु स्पोर्टिंग क्लब लखीपाई की टीम उपविजेता रही। उसे 25 हजार रुपये नकद, खस्सी, जर्सी और फुटबॉल दिया गया। तीसरे स्थान पर रहने वाली टीम को 15 हजार रुपये नकद, खस्सी और फुटबॉल तथा चौथे स्थान की टीम को 10 हजार रुपये नकद, खस्सी और फुटबॉल पुरस्कार दिया गया।
मुख्य अतिथि सोनाराम सिंकु ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि खेल ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर देता है। उन्होंने कहा कि फुटबॉल प्रतियोगिताओं से युवाओं में अनुशासन, टीम भावना और खेल के प्रति रुचि बढ़ती है।
प्रतियोगिता को सफल बनाने में समिति के अध्यक्ष मुंडा सोमनाथ सिंकु, सुरेश सिंकु, सनातन सिंकू और किशन सिंकु की महत्वपूर्ण भूमिका रही। मौके पर वरिष्ठ कांग्रेसी विपिन सिंकु, विपिन लागुरी, मथुरा लागूरी, मोहम्मद जावेद, संतोष नाग मुंडा, रंजन गोप, हरीश पान, सरफराज आलम, शमशाद आलम, रंजीत गगराई और रोशन पान सहित हजारों दर्शक मौजूद रहे।

