Breaking
Tue. Sep 8th, 2026

सड़क के गड्ढे ने ली 18 वर्षीय युवक की जान, हादसे के बाद कार चालक फरार

जमशेदपुर। मानगो थाना क्षेत्र के छोटा पुल के समीप शनिवार शाम सड़क पर बने गड्ढे के कारण हुए हादसे में 18 वर्षीय बाइक सवार आयुष कुमार की मौत हो गई। दुर्घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने गंभीर रूप से घायल युवक को इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए टीएमएच रेफर कर दिया। टीएमएच में जांच के बाद डॉक्टरों ने आयुष को मृत घोषित कर दिया।

परिजनों के अनुसार आयुष भुइयांडीह के बाबूडीह बस्ती का रहने वाला था और दूध सप्लाई का काम करता था। शनिवार शाम करीब पांच बजे वह बाइक से दूध पहुंचाने के लिए निकला था। इसी दौरान छोटा पुल के पास सड़क पर बने गड्ढे की वजह से वह दुर्घटना का शिकार हो गया। हादसे के दौरान एक कार भी वहां से गुजर रही थी। दुर्घटना के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया।

आयुष के चाचा रंजीत ने बताया कि वह परिवार का बड़ा बेटा था और अपने काम के जरिए परिवार की जिम्मेदारियों में हाथ बंटाता था। उसकी मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। परिजनों का आरोप है कि छोटा पुल की सड़क पर लंबे समय से जगह-जगह गड्ढे बने हुए हैं। इनकी वजह से वाहन चालकों को परेशानी होती है और आए दिन दुर्घटनाएं भी होती रहती हैं। इसके बावजूद सड़क की मरम्मत को लेकर जिम्मेदार विभाग की ओर से ठोस पहल नहीं की जा रही है।

घटना की जानकारी मिलने के बाद मानगो थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटना की जांच शुरू की। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच कर रही है। पुलिस का प्रयास है कि हादसे में शामिल कार की पहचान कर उसके चालक को जल्द पकड़ा जा सके। वहीं रविवार को मृतक आयुष के शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया गया।

Related Post